Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

हम एनडीए का अटूट हिस्सा, साथ मिलकर लड़ेंगे नगर निकाय चुनाव… आशीष पटेल ने कर दिया बड़ा ऐलान

Default Featured Image

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल के आखिर में होने जा रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां काफी तेज हो गई हैं। तमाम राजनीतिक दल अपनी पूरी शक्ति के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। भाजपा के सहयोगी दल अपना दल सोनेलाल ने एकजुटता प्रदर्शित की है। योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री और अपना दल एस के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल ने बड़ा ऐलान कर दिया है। आशीष ने कहा कि यूपी नगर निकाय चुनाव के मैदान में अपना दल एस भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी।

आशीष पटेल ने कहा है कि अपना दल एस, एनडीए का अटूट हिस्सा है। यूपी नगर निकाय चुनाव में भी पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन जारी रहेगा। निकाय चुनाव में इतिहास रचा जाएगा। गठबंधन बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही तय हो गया है कि अपना दल एस खुद को एनडीए से अलग कर चुनावी मैदान में उतरने की कोई कोशिश नहीं कर रही है। यूपी के नगर निकायों में इस साल के आखिर में चुनाव होने हैं। इसको लेकर भाजपा की अपनी तैयारी चल रही है। पार्टी की ओर से सभी 75 जिलों में तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि भाजपा के सहयोगी दल पार्टी की रणनीति के साथ मिलकर काम करेंगे। भाजपा के सहयोगी दलों के साथ रहने से पार्टी को अपनी रणनीति को धार देने में अधिक परेशानी नहीं होगी।

अपना दल एस ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के साथ गठबंधन किया था। उसके बाद से लगातार पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में है। पार्टी लगातार अपनी स्थिति को उसके बाद से बेहतर बनाने में कामयाब हुई है। चार लगातार चुनावों में पार्टी को शानदार जीत मिली है। ऐसे में अपना दल एस निकाय चुनाव में भी भाजपा के साथ अपने गठबंधन को तोड़ना नहीं चाहती है। इसका सीधा फायदा पार्टी को पूर्वांचल और बुंदेलखंड के इलाकों में मिलेगा। वहां पर भाजपा से अलग होकर चुनावी मैदान में उतरने वाले सहयोगी दलों के उम्मीदवारों की चुनौती का सामना पार्टी को नहीं करना होगा।