Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अल्बानिया जेल में बंद नितिन मिश्रा को अब तक नहीं मिला काउंसलर एक्सेस, एक माह बाद हुई फोन पर बात, जानिए क्या कहा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ के बिजनेसमैन नितिन मिश्रा एक माह से अल्बानिया की जेल में बंद हैं। अल्बानिया में गिरफ्तारी के लगभग एक महीने बाद नितिन ने परिवार को फोन किया। उनकी बड़ी बहन नैना मिश्रा ने बताया कि व्हाट्सएप कॉल 30 सेकंड तक चली। इस दौरान उनके भाई ने उन्हें बताया कि उन्हें अभी तक कॉन्सुलर एक्सेस नहीं मिला है। उन्हें उन आरोपों की जानकारी नहीं है, जो उन पर लगाए गए हैं। नितिन ने यह भी कहा कि अल्बानिया में उन्हें कहां रखा गया है, इसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।

नितिन मिश्रा की बहन नैना ने कहा कि उसके भाई को कथित तौर पर खाने में बीफ परोसा गया था। अपने भाई की सुरक्षा पर में चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हमारे भाई ने किसी प्रकार से कॉल किया। हमने उससे सवाल पूछने और बात करने की कोशिश की। इसके बाद कॉल कट गई। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक दूतावास से कोई और प्रतिक्रिया नहीं मिली है। दूतावास की ओर से आखिरी बार कहा गया कि वे नितिन मिश्रा की गिरफ्तारी का विवरण मांगने के लिए अल्बानियाई विदेश मंत्रालय को एक अनुरोध भेजेंगे। 7 नवंबर को उनके लिए कांसुलर एक्सेस की मांग की गई।

बिजनेसमैन के परिवार के सदस्यों ने लखनऊ से सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्होंने इस मामले में भारत सरकार की ओर से हस्तक्षेप करने और 5 नवंबर को उनके लिए उचित प्रतिनिधित्व की मांग की। इस मामले को देख रहे ब्रिटेन के वकील हरजोत सिंह ने कहा कि वे स्थानीय अल्बानियाई वकीलों की तलाश कर रहे है। जल्द ही यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें प्रतिनिधित्व मिले। नितिन को पहली बार 14 अक्टूबर को तिराना में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

अल्बानियाई पुलिस ने कथित तौर पर यूएस ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) के साथ कॉर्डिनेशन के तहत काम करते हुए नितिन मिश्रा को हिरासत में लिया गया। अमेरिका में उसका संभावित प्रत्यर्पण लंबित है। इसके बाद पुलिस हिरासत में उन्हें भेज दिया गया है। परिवार को उसकी गिरफ्तारी के बारे में अल्बानिया के एक अंग्रेजी अखबार से पता चला। गिरफ्तारी के बारे में उन्हें अल्बानियाई अधिकारियों या पुलिस से कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई।