Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

16500 पदों पर पुलिस में भर्ती को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है।

भोपाल। नईदुनिया प्रतिनिधि। उप निरीक्षक स्तर के 1500 और सिपाही स्तर के 15 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती पर विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस मुख्यालय यह भर्ती खुद कराने पर अड़ गया है। इसके लिए प्रस्ताव भी राज्य सरकार को भेज दिया है। जबकि उम्मीदवार हर बार की तरह इस बार भी प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) से भर्ती कराने की मांग कर रहे हैं।

कई छात्र संगठनों ने इस मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपे हैं। यह भर्ती प्रक्रिया अप्रैल से शुरू होनी थी, लेकिन लॉकडाउन की वजह से टल गई थी। अब लॉकडाउन में रियायतों के बाद यह प्रक्रिया फिर शुरू होगी। यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश में करीब तीन साल बाद हो रही है। प्रदेश में आखिरी बार पुलिस की भर्ती साल 2017 में हुई थी।

तब से किसी न किसी कारण से यह भर्ती प्रक्रिया टलती रही। इस साल जनवरी में उप निरीक्षक के डेढ़ हजार और सिपाही के पंद्रह हजार पदों पर भर्ती की पूरी तैयारी हो गई थी। यह भर्ती हर बार की तरह इस बार भी पीईबी से होनी थी, लेकिन इसी बीच पुलिस मुख्यालय की चयन शाखा ने भर्ती नियम बनाकर यह परीक्षा खुद ही कराने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया है।