Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Aligarh : घर पर चल रही थीं बर्थडे की तैयारी, मकान में लगी आग से मां की मौत, 2 बच्चियों की हालत गंभीर

Default Featured Image

अलीगढ़: अलीगढ़ में थाना देहली गेट क्षेत्र के इंदिरा नगर में रविवार को एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में आने से मां और दो बच्चियां बुरी तरह से झुलस गईं। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर होने के चलते जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि मृतक ऊषा का आज जन्मदिन भी था। जिसकी तैयारियों में परिवार जुटा हुआ था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार सुबह थाना देहली गेट क्षेत्र के इंदिरा नगर में ऊषा (34) राघव पति प्रेम शंकर राघव घर में कुछ काम कर रही थी। उसकी दो बेटियां कशिश (12) व यशिका( 8) नहा रहीं थी। अज्ञात कारणों से अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। महिला व उसकी दोनों बेटियां आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गईं। मौके पर हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जैसे तैसे आग पर काबू पाया। तीनों घायलों को रेस्क्यू कर आग से बाहर निकाला गया। तीनों को आनन फानन उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डाक्टरों ने उनकी हालत गंभीर होने के चलते तीनों को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान ऊषा की मौत हो गई।

दोनों बच्चियों को डाक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक महिला के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट – लकी शर्मा