Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Mahoba : नीलगाय के शिकार के चक्कर में गर्भवती के पेट में लगी गोली, हालत गंभीर,आरोपी शिकारी गिरफ्तार

Default Featured Image

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में नीलगाय के शिकार के चक्कर में एक गर्भवती महिला गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गई। हालत गंभीर होने पर महिला को झांसी मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। घटना के बाद शिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।

महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के कोनिया गांव में यह वारदात हुई। जिसे लेकर गांव के लोगों में आक्रोश है। बताते है कि गांव की वंदना सिंह राजपूत (30) पत्नी भूपेन्द्र सिंह राजपूत अपने खेत में मवेशियों के लिए चारा काट रही थी तभी नीलगाय का शिकार करने वालों ने फायरिंग कर दी। जिससे गोली वंदना के पेट में जा घुसी। घटना के बाद सभी शिकारी मौके से भाग गए। घटना की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आननफानन महिला को नजदीक के सरकारी सीएचसी में भर्ती कराया जहां हालत बिगडऩे पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

गर्भवती महिला के पेट में लगी गोली
भूपेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि पत्नी वंदना गर्भवती है जो अपने खेत में बैठी चारा काट रही थी। तभी शिकारियों जरिए चलाई गई गोली उसे लग गई है। बताया कि बिजरारी गांव के रहने वाले फरीद समेत तमाम लोग यहां क्षेत्र में नीलगाय का शिकार करने आए थे। नीलगाय के शिकार के चक्कर में की गई फायरिंग में गोली लगने से वंदना गंभीर रूप से घायल हो गई है। बताया कि शिकारियों ने दो फायर किए थे। हास्पिटल के डॉ सुरेश कुमार के मुताबिक गर्भवती महिला के पेट में गोली लगी है। उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।

शिकारी को गया भेजा जेल
पनवाड़ी थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि कोनिया गांव की गर्भवती महिला खेत में चारा काटने गई थी जहां नीलगाय का शिकार करने गए शिकारी की गोली से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया कि परिजन की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी शिकारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बताया कि इस घटना की जांच भी कराई जा रही है।
इनपुट-पंकज मिश्रा