Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Greater Noida City Bus Service Stopped: ग्रेटर नोएडा में सिटी बस सेवा बंद, जानिए क्या है कारण

Default Featured Image

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सिटी बस का परिचालन बंद हो गया है। परिवहन निगम के साथ करार खत्म होने के बाद शहर के अंदर आवागमन आसान बनाने को चल रही सिटी बस सेवा बंद हो गई है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने परिवहन निगम के साथ करार को आगे नहीं बढ़ाया है। 31 दिसंबर को यह करार समाप्त हुआ था। अब आगे अथॉरिटी इस सेवा के लिए करार को आगे बढ़ाएगी या नहीं, ये देखने वाला होगा।

अधिकारियों का कहना है कि 3 महीने के लिए सेवा और बढ़ाने पर मंथन किया जा रहा है। अगर अथॉरिटी करार को आगे बढ़ाएगी तो प्रति महीने करीब 29 लाख रुपये परिवहन निगम को देने होंगे। फिर परिवहन निगम अथॉरिटी से मिलने वाली इस धनराशि के बदले 5 रूट पर 10 बसों का संचालन करेगा।

अथॉरिटी ने बस सेवा शुरू करने का निर्णय लेते हुए जनवरी-2022 में परिवहन निगम के साथ करार किया था। करार के मुताबिक 10 बसों का संचालन सेक्टर व गांव को जोड़ने वाले 5 रूट पर निगम को करना था। अगर घाटा आता तो उसका भरपाई अथॉरिटी को देनी थी। पहला अनुबंध जुलाई में पूरा हो गया था, जिसे फिर अथॉरिटी ने 31 दिसंबर तक बढ़ाया था।

अथॉरिटी अधिकारियों ने बताया कि बस सेवा का संचालन परिवहन निगम से कराने में प्रति महीने करीब 29 लाख रुपये का खर्च आ रहा है। इसकी वजह है कि चल रही बसों को सवारियां नहीं मिल रही हैं। अथॉरिटी के डीजीएम संतोष कुमार ने बताया कि तीन महीने के आगे अनुबंध बढ़ाने की फाइल तैयार कर मंजूरी के लिए बढ़ा दी है। मंजूरी मिलते ही यह करार किया जाएगा।