Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Noida Accident: स्वीटी का गुनाहगार गिरफ्तार, 16 दिन बाद पकड़ाया… इंजीनियरिंग छात्रा को मारी थी टक्कर

Default Featured Image

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 31 दिसंबर की रात बाजार से लौट रही इंजीनियरिंग छात्रा को टक्कर मारने वाले सेंट्रो कार चालक को पकड़ लिया गया है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्त में ले लिया है। बीटा-2 थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर की रात 9 बजे इंजीनियरिंग छात्रा स्वीटी कुमारी को सेंट्रो कार सवार ने जोरदार टक्कर मारी थी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद सेंट्रो कार चालक फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी की मांग लगातार हो रहे थी। स्वीटी के दोस्तों और परिवार के लोगों ने भी गिरफ्तारी की मांग की थी। इस एक्सीडेंट में स्वीटी के साथ उसके दो अन्य साथी भी घायल हुए थे। दोनों साथियों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया था।

स्वीटी ग्रेटर नोएडा के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में अंतिम वर्ष की छात्रा है। उसे तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने रौंदा था। गंभीर स्थिति में सड़क पर छोड़कर वाहन चालक फरार हो गया। इसके बाद से ही उसकी तलाश चल रही थी। पुलिस को सेंट्रो कार का सुराग नहीं मिल पा रहा था। वहीं, यह मामला नोएडा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने मिलकर लड़की के इलाज के लिए चंदा किया। एक गरीब परिवार की बच्ची के इलाज के लिए नोएडा पुलिस भी सामने आई और 10 लाख रुपये की मदद दी। हालांकि, लड़की के होश में आने के बाद से लगातार नोएडा पुलिस पर आरोपी को पकड़ने का दबाव बन रहा था। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे। आखिरकार, रविवार को पुलिस को मामले में सफलता हाथ लगी है।

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की वीआईपी नंबर की सेंट्रो कार भी बरामद की है। गाड़ी का नंबर भी सामने आया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि थाना बीटा-2 क्षेत्र में 31 दिसंबर की रात अल्फा-2 बस स्टॉप के पास बीटेक के छात्रों के साथ हुए एक्सिडेंट मामले में सफलता मिली है। एक्सिडेंट के मामले का सफलतापूर्वक समाधान किया गया है। कार चालक की गिरफ्तारी और दुर्घटना में प्रयुक्त कार बरामद की बरामदगी की गई है।