Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

आज से शहरी क्षेत्रों में खुलीं जूते और कपड़े की दुकानें, मॉल के अंदर शॉप पर अभी भी रोक, राज्य में अब तक 1921 पॉजिटिव केस

झारखंड में करीब तीन महीने के बाद शुक्रवार से कपड़े और जूते की दुकानें खुल गईं। गृह एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने दुकानें खोलने की अनुमति सिर्फ जिला मुख्यालय के शहरी क्षेत्रों में ही दी है। यहां कंटेनमेंट जोन को छोड़कर दुकानें खुलेंगी। टेलरिंग दुकानों के संबंध में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। वहीं मॉल अभी बंद रहेंगे। इसलिए मॉल के अंदर की कपड़े और जूते की दुकानों को खोलने पर रोक जारी रहेगी। उधर, राज्य में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1921 हो गई है। साथ ही अब राज्य में रिकवरी रेट बढ़कर 67.04 (राष्ट्रीय औसत 52.96) हो गया है। डबलिंग रेट भी सुधरकर 27.35 पर पहुंच गया है।

गौरतलब है कि लॉकडाउन-1 शुरू होते ही कपड़े और जूते की दुकानें बंद हो गई थीं। इस दौरान व्यावसायी संघ मुख्यमंत्री और सत्ताधारी नेताओं से मिलकर कई बार दुकानें खोलने का आग्रह कर चुके थे। कुछ जगहों पर व्यवसायियों ने प्रदर्शन भी किया था। आखिर अब सरकार ने दुकानें खोलने का आदेश दे दिया। हालांकि सरकार ने कई शर्तों के साथ दुकानें खोलने की अनुमति दी है। दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करना होगा। दुकान में एक साथ पांच से ज्यादा लोगों की एंट्री नहीं होगी। कपड़े की दुकानों में ट्रायल रूम के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। दुकानों में काम करने वाले किसी कर्मचारी को खांसी या बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भेजना होगा। सर्दी-बुखार से पीड़ित ग्राहकों के दुकान में आने पर रोक रहेगी। सैनिटाइजेशन का खास ख्याल रखना होगा। दरवाजे का हैंडल और एंट्री प्वाइंट को बार-बार सैनिटाइज करना होगा।

जिला मुख्यालयों के शहरी क्षेत्रों में कंटेनमेंट जोन के बाहर दुकानों को खोलने की अनुमति है। हालांकि इस दौरान दुकान में एक साथ पांच से ज्यादा लोगों की एंट्री नहीं होगी। कपड़े की दुकानों में ट्रायल रूम के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।

राज्य के सभी 24 जिलों में पहुंच चुका है कोरोना संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण राज्य के सभी 24 जिलों तक पहुंच चुका है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1921 है। इनमें बोकारो के 29, चतरा के 41, देवघर के 10, धनबाद के 114, दुमका के चार, पूर्वी सिंहभूम के 278, गढ़वा के 95, गिरिडीह के 53, गोड्डा के एक, गुमला के 93, हजारीबाग के 154, जामताड़ा के 28, खूंटी के 22, कोडरमा के 152, लातेहार के 54, लोहरदगा के 45, पाकुड़ के 29, पलामू के 45, रामगढ़ के 113, रांची के 188, साहेबगंज के तीन, सरायकेला के 36, सिमडेगा के 279 और पश्चिमी सिंहभूम के 53 मरीज शामिल हैं।

अब तक राज्य में 13 संक्रमितों की मौत
राज्यभर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 13 है। इनमें रांची के छह, बोकारो के दो जबकि गुमला, हजारीबाग, सिमडेगा, कोडरमा और गिरिडीह में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है। प्रशासन राज्य में रिटायर्ड डीडीसी और बंगाल के एक मजदूर की मौत को अपने आंकड़े में शामिल नहीं किया है।

धनबाद के पुराना बाजार खुली कपड़े की दुकान में ग्राहक। दुकान संचालकों ने कपड़े की दुकानें खोले जाने पर खुशी जताई है।

राज्य में अब तक 1298 मरीज हो चुके हैं स्वस्थ
राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों में कुल 1298 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें बोकारो के 24, चतरा के 21, देवघर के 10, धनबाद के 114, दुमका के चार, पूर्वी सिंहभूम के 131, गढ़वा के 93, गिरिडीह के 50, गोड्डा के एक, गुमला के 53, हजारीबाग के 115, जामताड़ा के 13, खूंटी के 16, कोडरमा के 69, लातेहार के 44, लोहरदगा के 31, पाकुड़ के 16, पलामू के 44, रामगढ़ के 69, रांची के 132, सरायकेला के 21, साहेबगंज के तीन, सिमडेगा के 196 और पश्चिमी सिंहभूम के 28 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

राज्य में कुल संक्रमितों में 1588 प्रवासी
राज्य के कुल कोरोनावायरस संक्रमितों में 1588 लोग प्रवासी हैं। इनमें बोकारो के 11, चतरा के 35, देवघर के 06, धनबाद के 106, दुमका के चार, पूर्वी सिंहभूम के 209, गढ़वा के 85, गिरिडीह के 47, गुमला के 87, हजारीबाग के 145, जामताड़ा के 26, खूंटी के 22, कोडरमा के 150, लातेहार के 51, लोहरदगा के 43, पाकुड़ के 28, पलामू के 41, रामगढ़ के 108, रांची के 28, साहेबगंज के तीन, सरायकेला के 34, सिमडेगा के 266 और पश्चिमी सिंहभूम के 53 प्रवासी शामिल हैं।

You may have missed