Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

3 पुलिस जवान, दो महिला डॉक्टर व अमेरिका से लौटने वाली महिला समेत 9 संक्रमित, नेवई थाना सील

जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरूवार को 9 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें 3 नेवई थाने में पदस्थ पुलिस जवान है। देर रात को थाना सील कर दिया। शुक्रवार से सामने मैदान में टेंट में थाना लगेगा। श्रीशंकराचार्य मेडिकल काॅलेज की दाे महिला डॉक्टर पॉजिटिव मरीज का इलाज की वजह से संक्रमण में आ गई। सेक्टर-1 निवासी मां अपनी बेटी से अमेरिका वाशिंगटन शहर से मिलकर फ्लाइट से लौटी है। वह भी कोरोना संक्रमित हो गई। तीन और कोरोना पॉजिटिव निकले हैं, जिसमें एक हाउसिंग बोर्ड कॉॅलोनी और दो ग्रामीण क्षेत्र के हैं। हैरत की बात यह है कि इनमें से पांच लोग कोरोना संक्रमित के क्लोज कांटेक्ट में रहने की वजह से हुए हैं। इन 9 मरीजों के साथ जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 85 पहुंच गई है। बुधवार को 2 कोरोना मरीज मिले थे।

मरीज के कांटेक्ट में आए 2 डॉक्टर संक्रमित: श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज की दो महिला डॉक्टर एक मरीज के कांटेक्ट में आने की वजह से संक्रमित हो गईं। एक डॉक्टर एथेसिस्ट हैं और एक कार्डियोलॉजिस्ट हैं। इस अस्पताल में 11 जून को एक मेल पेशेंट आया था। जिसका इलाज किए थे।

वाशिंगटन से बेटी से मिलकर लौटी मां पॉजिटिव: से-1 निवासी 55 वर्षीय महिला अमेरिका के वाशिंगटन शहर से 12 जून को फ्लाइट से यहां आई। पति के साथ अपनी बेटी से मिलने गई और फंस गई थी। पति और वह लौटने के बाद तीन दिन तक अपने घर में रह रहे थे। उसके बाद संक्रमित हुई।

ओडिशा से मालिक के साथ लौटा मजदूर: चंदखुरी निवासी 32 वर्षीय युवक उड़ीसा के एल्युमिनियम फैक्ट्री में काम करता था। वह 8 जून को अपने मालिक के साथ उसके वाहन में यहां आया और सुपेला में उतरा। यहां से वह अपने परिचित को बुलाकर चंदखुरी गया। सूचना पर इस युवक का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। वह होम क्वारेंटाइन में था। घर में 10 सदस्य हैं। 
पुणे से खुद के वाहन से आया: हाउसिंग बोर्ड कालोनी कोलिहापुरी निवासी 26 वर्षीय युवक पुणे से आया है। वह खुद के वाहन से यहां आया। ग्रामीणों की सूचना पर उसके सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स भेजा गया था। इसी तरह हैदराबाद से 20 साल की युवती अपने माता पिता के साथ श्रमिक स्पेशल ट्रेन से यहां आई थी। 

थाने का मुंशी समेत 3 आरक्षक संक्रमित: नेवई थाने के तीन पुलिसकर्मी पॉजिटिव निकले। एक 55 वर्षीय मुंशी है, जो रोजाना एफआईआर दर्ज करने से लेकर दूसरे कर्मियों की ड्यूटी लगाता था। दूसरा सिपाही 49 वर्षीय प्रधान आरक्षक है। कंटेनमेंट जोन महुअारी मरौदा में 14 दिनों तक ड्यूटी निभाई। 32 वर्षीय आरक्षक दुर्ग पुलिस लाइन के क्वार्टर में रहता है। वह आमद देने थाने आता था।

पुलिस लाइन को किया जाएगा सील, लेंगे सैंपल 
तीन पुलिस कर्मी अलग-अलग जगह रहते थे। एक सेक्टर -6 पुलिस लाइन से आता जाता रहा। दूसरा रिसाली सेक्टर निवासी और तीसरा दुर्ग पुलिस लाइन के क्वार्टर में रहते हैं। ये सभी अपने परिवार के साथ खाना-पीना रहना सामान्य दिनों की तरह करते रहे। फरियादी, स्टाफ सहित अन्य परिचित लोगों से भी मिले। सबका सैंपल लेंगे।

राहत: 19 मरीज डिस्चार्ज इनमें दुर्ग के 10 मरीज
कोरोना हॉस्पिटल से 19 लोगों को स्वस्थ्य होने के बाद गुरूवार डिस्चार्ज किया गया। इनमें दुर्ग जिले के 10, जांजगीर चांपा के 3, बलौदाबाजार के 4 और बेमेतरा के 2 लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दुर्ग जिले के धमधा, पाटन और दुर्ग शहर के मरीज है, जिनका उपचार चल रहा था।