Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

भोपाल में पुराने भदभदा पुल की सीढ़ियों पर मगरमच्छ आया; एक घंटे की मशक्कत के बाद जाल डालकर पकड़ा

Default Featured Image

भोपाल में पुराने भदभदा पुल की सीढ़ियों पर शनिवार को मगरमच्छ आ गया। यहां तक कलियोत डैम का पानी आता है। बारिश के कारण अब यहां पानी बढ़ने लगा है। पुल पर आए मगरमच्छ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। कमलानगर पुलिस की सूचना पर वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे पकड़ लिया। इसके लिए 12 से ज्यादा लोगों की टीम लगाई गई थी।  

मगरमच्छ को पकड़ने के लिए 12 से ज्यादा की टीम लगाई गई। काबू पाने के लिए जाल डाला गया।

राजधानी में लगातार तीन दिन से बारिश होने के कारण जलाशयों में पानी बढ़ने लगा है। बीते 72 घंटे में भोपाल में 200 मिमी से अधिक पानी गिर चुका है। ऐसे में वन जीव अब सुरक्षित और सूखी जगह पर जाने लगे हैं। कमलानगर पुलिस के आरक्षक अवधेश ने बताया कि लोगों को मौके से हटा दिया है। वन विभाग को भी खबर दे दी है। फिलहाल, यह मगरमच्छ का बच्चा लग रहा है। वन विभाग की टीम के आने के बाद ही रेस्क्यू का कार्य शुरू किया गया। 

बांस के बड़े डंडों की मदद से मगरमच्छ को जाल की तरफ ले जाया गया। जाल में फंसते ही टीम ने उसे पकड़ लिया।

एक घंटे तक करना पड़ी मशक्कत
वन विभाग की टीम के पहुंचने के पहले भीड़ को दूर कर दिया गया था। टीम ने रेस्क्यू कार्य शुरू करते हुए मगरमच्छ के चारों तरफ जाल बिछाने शुरू कर दिए। इसके बाद उसे नुकसान पहुंचाए बिना डंडों की मदद से जाल की तरफ जाने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद टीम ने मगरमच्छ को जाल में फंसा लिया। उस पर काबू पाने के लिए उसका मुंह भी बांध दिया था।  

मगरमच्छ पर काबू पाने के लिए सबसे पहले उसका मुंह रस्सी से बांधा गया। उसके जबड़े सबसे शक्तिशाली होते हैं। 

कलियासोत डैम में युवकों पर मगरमच्छ ने हमला किया था
भोपाल के कलियासोत डैम के किनारे पर नहाते वक्त 11 दिन पहले दो दोस्तों पर एक मगरमच्छ ने हमला कर दिया था। अमित जाटव (28) दोपहर अपने दोस्त गजेंद्र (29) के साथ कलियासोत डैम नहाने पहुंचे थे। मगरमच्छ ने अमित का दायां पैर मुंह में भर लिया था। इस दौरान दूसरे साथी ने हिम्मत दिखाई और बाहर से डंडा लेकर आया और उसी के जरिए मगरमच्छ को मारना शुरू किया। आखिर में मगरमच्छ ने युवक का पैर छोड़ दिया था। हमले में अमित के पैर में जख्म हो गया था। घटना के पहले युवकों ने एक लकड़ी में अपना मोबाइल फोन वीडियो रिकॉर्डिंग मोड में करके बांध दिया था। हमले की पूरी घटना फोन में रिकॉर्ड हो गई थी।