Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अखिलेश यादव के प्लेन को लैंडिंग की अनुमति नहीं, सपा ने जताई नाराजगी… मुरादाबाद के मामले पर बढ़ा विवाद

Default Featured Image

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्लेन को उतरने की अनुमति नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। प्लेन को लैंडिंग की अनुमति नहीं दिए जाने के मामले में पार्टी ने गहरी नाराजगी जताई है। सपा अध्यक्ष का कार्यक्रम पहले से घोषित था। विमान को उतरने की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर समाजवादी पार्टी ने इसे अलोकतांत्रिक करार दिया है। पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को निशाने पर लिया है।

समाजवादी पार्टी की ओर से ट्‌वीट कर इस मामले में प्रशासन पर जोरदार हमला किया गया है। पार्टी ने अधिकारियों पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। पार्टी की ओर से कहा गया है कि मुरादाबाद कमिश्नर और डीएम ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के बाद भी अखिलेश यादव के प्लेन को अनुमति नहीं दी। यह बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक कार्य है। सपा ने कहा कि भाजपा के अहंकार का अंत जल्द होगा।

4 फरवरी को है दौरा
अखिलेश यादव का मुरादाबाद दौरा 4 फरवरी को निर्धारित है। अखिलेश यादव के दौरे की जानकारी मुरादाबाद जिला प्रशासन को दी गई थी। लेकिन, प्रशासन की ओर से उनके विमान को उतारने की अनुमति नहीं दी गई। अखिलेश यादव का विमान भदासना हवाई पट्टी पर उतरना था। इस मामले को लेकर अब समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोल दिया है। पार्टी की ओर से इसे प्रदेश सरकार की ओर से अखिलेश यादव को मुरादाबाद जाने से रोकना बताया जा रहा है।मुरादाबाद डीएम ने रखा पक्ष
मुरादाबाद डीएम की ओर से भी इस मामले में जानकारी दी गई है। डीएम ने कहा है कि मुरादाबाद एयरपोर्ट पर हवाई पट्टी की मरम्मत का कार्य चल रहा है। इस कारण विमान को लैंड करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। दरअसल, अखिलेश यादव इन दिनों लगातार राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर पार्टी को मजबूत बनाने की बैठक कर रहे हैं। पार्टी की कार्यकारिणी के गठन के बाद विभिन्न इकाइयों का पुनर्गठन शुरू कर दिया गया है। ऐसे में पार्टी तमाम मसलों को राजनीतिक तौर पर पेश करने की कोशिश करती दिख रही है।