Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Weather: रात में हो रही हल्की ठंड, दिन भर धूप से चढ़ा पारा… नोएडा से वाराणसी तक, जानिए यूपी में मौसम का हाल

Default Featured Image

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव का दौर जारी है। शाम से लेकर पूरी रात भर हल्की ठंड का माहौल है। वहीं दिन भर खिली धूप के बीच तापमान बढ़ा हुआ है। आगामी दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी दर्ज जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर भी उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। हवा का असर काफी होगा और मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तर प्रदेश के तापमान में अगले एक सप्ताह के दौरान 5 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। हालात यह हो सकते हैं कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी क्षेत्रीय मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा एक दो दिन बाद से सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंड का असर भी थोड़ा कम होगा।

बात पश्चिमी यूपी की करें तो गाजियाबाद में भी आज के बाद तापमान में 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त हो सकती है। वहीं नोएडा में तापमान 15 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दोनों ही जगहों पर साफ मौसम और खिली धूप के बीच तापमान बढ़ा हुआ रहेगा। मेरठ से लेकर बरेली और अलीगढ़ तक के इलाके में दिन के समय तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।

राजधानी लखनऊ में रविवार को न्यूनतम तापमान 14 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। साथ ही दिन में तेज हवाएं भी चलेंगी। कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज तक की बेल्ट में हवाएं चलेंगी और मौसम 15 से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा। बस्ती, अयोध्या की तरफ मौसम साफ रहेगा। गोरखपुर में हल्की हवाएं चलेंगी।