Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कवर्धा : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व मे कबीरधाम जिला लगातार विकास की ओर हो रहा अग्रसर -मंत्री श्री अकबर

मंत्री श्री अकबर ने ग्राम दुल्लापुर, घुघरीकला, मरपा, चरडोंगरी, जमुनिया, सिंघनपुरी में लगाई जनचौपाल

कवर्धा, 06 जून 2023

प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व मे कबीरधाम जिला लगातार विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। शासन के इन चार सालों में वनांचल से लेकर शहर तक योजनाओं का क्रियान्वयन के साथ विभिन्न निर्माण कार्य भी किए गए है। कवर्धा शहर में प्रदेश की राजधानी से मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग के सकरी नदी में महज 9 महीने में ही पुल का निर्माण कार्य पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जन आकांक्षाओं के मांग के अनुरूप कवर्धा में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की है इसके लिए बजट में प्रावधान किया है। मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए जगह का चिन्हांकन कर लिया गया है अब जल्द ही इसका निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज खुलने से मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई कर सकेंगे साथ ही इससे संबद्ध अस्पताल खुलने से बेहतर इलाज मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री श्री अकबर आज मंगलवार को कबीरधाम जिले के एक दिवसीय प्रवास पर थे। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर, घुघरीकला, मरपा, चरडोंगरी, जमुनिया, सिंघनपुरी में आयोजित भेंट-मुलाकात एवं जनचौपाल कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए किसानों, ग्रामीणों, भूमिहीन श्रमिक मजदूरों, महिलाओं से सीधा संवाद किया और गांव तथा क्षेत्र विकास की दिशा में ग्रामीणों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं का फीडबैक भी लिया। साथ ही जन आकांक्षाओं के मांग के अनुरूप ग्राम दुल्लापुर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रूपए और ग्राम घुघरीकला में मंच निर्माण के लिए 02 लाख, 100 मीटर नाली निर्माण और महिला स्व सहायता समूह के भवन के लिए 03 लाख रूपए की घोषणा की। मंत्री श्री अकबर ने ग्राम दुल्लापुर में जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के लिए 75 लाख 4 हजार रूपए की लागत से निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

मंत्री श्री अकबर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जाकर आमजनों से सीधा संवाद करने का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नही इसकी जानकारी लेना है। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई समस्या आ रही है, उसे दूर कर योजनाओं का लाभ उन्हें देना है। उन्होंने कहा कि इसी के अनुरूप ही ग्राम पंचायत मुख्यालय में आम जनों से योजनाओं के लाभ की जानकारी लेने आए है। इस दौरान मंत्री श्री अकबर ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री कलीम खान, श्री गणेश योगी, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष श्री नीलकंठ साहू, चोवा साहू, सहित संबंधित ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण उपस्थित थे।

सार्वधिक मूल्य में धान की खरीदने वाले देश का पहला राज्य छत्तीसगढ़-मंत्री श्री अकबर

कैबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को 25 सौ रूपए के प्रति कि्ंवटल के मान से खरीदी की जा रही है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल प्रदेश के किसानों की आय और उनके जीवन स्तर पर सुधार हो इसके लिए लगातार काम कर रही है। इस बार प्रदेश में प्रति एकड़ 20 क्विंटल के हिसाब से 28 सौ रूपए प्रति क्विंटल के मान से धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रति एकड़ 20 क्विंटल और 2800 रूपए में धान की खरीदने वाले देश का पहला राज्य छत्तीसगढ़ है। उन्होने इस अवसर पर राज्य सरकार की गौधन न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहिन ग्रामीण मजदूर न्याय योजना, धान खरीदी योजना, राजीव गांधी युवा मितान योजना,सार्वभौम पीडीएस योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की फिडबैक भी लिए। ग्रामीणों ने राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वन पर संतोष भी जताया।  समाचार क्रमांक-686/निखलेश