Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 86 हजार 959 हो गई है देश में रिकवरी रेट 60% के करीब पहुंचा,

ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। इस बीच, मुंबई के कंटेनमेंट जोन में बुधवार रात से धारा 144 लगाने का फैसला किया गया है। मुंबई पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, कंटेनमेंट जोन में एक से ज्यादा व्यक्ति के एक साथ जमा होने पर रोक रहेगी। ऐसी ही रोक पूरी मुंबई में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगी। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज बताया कि रिकवरी रेट बढ़कर 59.43% हो गया है। 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सभी की एकजुटता और मेहनत से अब कोरोना को लेकर स्थिति में सुधार है, लेकिन हमें इसे और अच्छा करना है। सभी की एकजुटता और मेहनत से अब दिल्ली में स्थिति में सुधार है। उन्होंने बताया कि पहले दिल्ली में 100 लोगों की कोरोना जांच की जाती थी तो उसमें से 31 लोग कोरोना से पॉजिटिव पाए जाते थे। अब 100 लोगों की जांच में केवल 13 लोग ही पॉजिटिव आ रहे हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18 हजार 653 मामले सामने आए। वहीं, 507 लोगों की मौत हुई। इसके बाद देश में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 5 लाख 85 हजार 493 हो गई है। इनमें से 2 लाख 20 हजार 114 सक्रिय मामले हैं। वहीं, 3 लाख 47 हजार 979 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 17 हजार 400 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • इंडियन काउंसिल मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बुधवार को बताया कि 30 जून को देश में 2 लाख 17 हजार 931 टेस्ट किए गए। इसके साथ अब तक 88 लाख 26 हजार 585 सैंपल की जांच की जा चुकी है।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: राज्य में मंगलवार को 223 पॉजिटिव मरीज मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या अब 13,593 हो गई है। सबसे ज्यादा मुरैना में 59, इंदौर में 45, भोपाल में 25 संक्रमित पाए गए। 18 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।  

महाराष्ट्र: राज्य में मंगलवार को 4,878 संक्रमित पाए गए। यहां अब तक 1,74,761 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7,855 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को सबसे ज्यादा ठाणे में 1,628 और पुणे में 1,024 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। मुंबई में 893 संक्रमित बढ़े। 

उत्तरप्रदेश: यहां मंगलवार को 664 नए मरीज सामने आए और 25 की जान गई। सबसे ज्यादा 152 संक्रमित गाजियाबाद से मिले। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 96, लखनऊ में 29 और कानपुर में 18 कोरोना पॉजिटिव मिले। राज्य में अब तक 23,492 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 23,492 लोगों की जान जा चुकी है। 

राजस्थान: राज्य में मंगलवार को 348 मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 18,008 हो गई है। सबसे ज्यादा 58 भारतपुर और 55 संक्रमित जोधपुर में मिले। इस बीच, राज्य सरकार ने अनलॉक-2 के लिए गाइडलाइंस जारी कीं। इसके मुताबिक, स्कूल और कॉलेज 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। कोचिंग, बड़े मंदिर अभी नहीं खुलेंगे।

बिहार: राज्य में बुधवार को 88 मामले सामाने आए। इसके साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार 76 हो गई है। आरा में एक डीएसपी और एक जवान समेत तीन पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।