Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

TikTok to lose billions of dollars: गलवान घाटी में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद भारत ने 59 चीनी ऐप्स पर बैन लगा दिया

इस बैन की वजह से चीन को करारा झटका लगेगा। इसकी वजह से उसे करोड़ों यूजर्स का नुकसान तो होगा ही साथ ही चीनी कंपनियों को अरबों रुपए का नुकसान होगा।

बैन किए गए चीनी ऐप्स में भारत में TikTok सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहा था। चीनी सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स के अनुसार इस बैन की वजह से TikTok के स्वामित्व वाली कंपनी ByteDance को छह बिलियन डॉलर (45000 करोड़ रुपए) का नुकसान होने का अनुमान है।

ग्लोबल टाइम्स के अनुसार भारत-चीन सीमा पर तनाव की वजह से भारत द्वारा 59 चीनी ऐप्स पर लगाए गए बैन का चीनी कंपनी को बड़ा नुकसान होगा जो करीब 6 अरब डॉलर हो सकता है। चीनी ऐप्स को बैन करने के भारत सरकार के फैसले का अमेरिका ने भी समर्थन किया है। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा कि इस निर्णय से भारत की अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा में वृद्धि होगी।

ByteDance टेक्नोलॉजी इंडिया प्रायवेट लिमिटेड द्वारा भारत में TikTok के अलावा चीनी ऐप Helo ऐप्स को संचालित किया जाता रहा है। इनके भारत में 17 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। 61.1 करोड़ डाउनलोड के साथ TikTok के लिए भारत दुनिया में सबसे बड़ा बाजार है। इसके बाद चीन और अमेरिका का नंबर आता है। इस कंपनी के भारत में आठ शहरों में ऑफिस है और इससे 1000 से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं।

UC Browser और UC News: UCWeb Mobile प्रायवेट लिमिटेड के 13 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर्स हैं। भारत में Google Chrome के बाद UC Browser देश में दूसरा सबसे ज्यादा उपयोग किया जाने वाला इंटरनेट ब्राउजर है। UCWeb मोबाइल ने 2018-19 में भारत में प्रमुख रूप से विज्ञापन से 226.68 करोड़ रुपए का राजस्व दर्ज किया था।

ShareIt: ShareIt 40 करोड़ यूजर्स के साथ फाइल शेयर करने वाला भारत में सबसे ज्यादा लोकप्रिय टूल है। इस कंपनी ने 2018-19 में भारत में ShareIt Technology India Pvt Ltd के जरिए 14.73 करोड़ रुपए का राजस्व दर्ज कराया। यह इस कंपनी के वैश्विक राजस्व का 15-20 प्रतिशत ही है।