Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Lockdown शुरू, यूपी बॉर्डर पर जांच रहे दिल्ली की गाड़ियां

देश में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इसके मद्देनजर राज्यों ने अपने स्तर पर वापस लॉकडाउन लगाना शुरू कर दिया है। उत्तरप्रदेश में शुक्रवार रात 10 बजे से लॉकडाउन लग गया जो 13 जुलाई सुबह 5 बजे तक रहेगा। इस लॉकडाउन को सख्ती से लागू किया जा रहा है। यूपी बॉर्डर पर दिल्ली से आने वाली गाड़ियों की पुलिस कड़ी जांच कर रही है। राज्य में सिर्फ आवश्यक सेवाओं के लिए ही लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति हैं।

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पुलिस वाहनों को चेकिंग कर रही है। गाड़ी के कागज देखे जा रहे हैं और चालक से पूछताछ की जा रही है। बिना अनुमति या सही कारण नहीं होने वाले चालकों को बॉर्डर से ही वापस लौटाया जा रहा है। दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर (नोएडा) और गाजियाबाद जिले की बॉर्डर पहले ही सील कर दी गई है। सिर्फ आवश्यक कार्य वाले व्यक्ति का आईडी कार्ड देखकर ही उसे प्रवेश दिया जा रहा है। यूपी में इस बार लागू किया गया लॉकडाउन पहले के लॉकडाउन से एकदम अलग है। इस दौरान मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक नहीं होगी। नेशनल और स्टेट हाइवे पर यातायात चालू रहेगा। एक्सप्रेसवे, पुल और सड़कों से जुड़े निर्माण कार्य जारी रहेंगे। आवश्यक सेवाओं पर कोई रोक नहीं रहेगी।

महाराष्‍ट्र में पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ व ग्रामीण पुणे में 13 से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन:

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण का असर कम होता नजर नहीं आ रहा है। इसके चलते पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और ग्रामीण पुणे के कुछ हिस्सों में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। डेयरी, मेडिकल स्टोर और अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं से संबंधित दुकानें इस दौरान खुली रहेंगी। पुणे मंडल के आयुक्त दीपक म्हैसेकर ने यह जानकारी दी। इस बीच, पुणे म्युनिसिपल कमिश्नर शेखर गायकवाड़ के मुताबिक, 13-23 जुलाई से शहर में दो चरणों में लॉकडाउन होगा। 13 से 18 जुलाई के बीच पहले चरण में केवल मेडिकल शॉप, डेयरियां और अस्पताल खुले रहेंगे। दूसरे चरण में, 18 जुलाई से 23 जुलाई के बीच मेडिकल स्टोर, डेयरियों, अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं को खुले रहने की अनुमति दी जाएगी। पुणे जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने बताया कि पुणे जिले के ग्रामीण भागों में 22 गांवों की पहचान की गई है, जहां लॉकडाउन रहेगा।बिहार में कोरोना संक्रमण के चलते कई जिलों में शनिवार से लॉकडाउन रहेगा। नालंदा, आरा, वैशाली, मधेपुरा, खगड़िया और किशनगंज में लॉकडाउन लागू करने के आदेश दिए गए हैं। नालंदा में 11 से 15 जुलाई तक लॉकडाउन रहेगा। आरा के शहरी क्षेत्र में भी 6 दिन का लॉकडाउन लागू रहेगा। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं दवा, किराना, फल, दूध, सब्जी, खाद्य सामग्री, पशु चारा, कृषि उत्पाद व पीडीएस दुकानों को खुली रहने की छूट रहेगी। मधेपुरा में 10 से 16 जुलाई तक लॉकडाउन रहेगा। किशनगंज जिले के शहरी क्षेत्र में 72 घंटे के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। खगड़िया में 10 जुलाई से 5 दिनी लॉकडाउन की घोषणा की गई है। वैशाली में भी 16 जुलाई तक लॉकडाउन होगा।