Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

वंदे भारत एक्सप्रेस :  टाटा-रांची-वाराणसी चल सकती है वंदे भारत एक्सप्रेस, रेलवे की ओर से शुरू की गई तैयारी

Default Featured Image

18 , Aug , 2023

टाटा-रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस : झारखंड को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने की संभावना है। टाटानगर से वाराणसी के बीच चलने वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस रांची, लोहरदगा, डालटनगंज, सासाराम और भभुआ होकर चलेगी। इससे बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

हाइलाइट्स

  • टाटा-रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन का सात स्टेशनों पर ठहराव
  • रांची और जमशेदपुर के रेल यात्रियों को मिलेगी सुविधा
  • टाटा से वाराणसी के लिए अभी तीन ट्रेनों की सुविधा
  • वाराणसी से रांची के लिए तीन ट्रेन

जमशेदपुर: टाटानगर और रांची से वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हो सकती है। इसको लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही है। इस सिलसिले में प्रारंभिक सर्वे का काम भी शुरू हो चुका है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल डिवीजन के डीआरएम ने बताया कि जमशेदपुर और रांची से वाराणसी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन का प्लान है। हालांकि रेल मंत्रालय इस पर फैसला सर्वे कराने के बाद ही लेगा।

टाटा-रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन का सात स्टेशनों पर ठहराव

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टाटा से वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का सात स्टेशनों पर ठहराव हो सकता है। जिन स्टेशनों पर इस ट्रेन के ठहराव की संभावना है, उसमें पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, सासाराम, भभुआ रोड और दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन शामिल है।

रांची और जमशेदपुर के रेल यात्रियों को मिलेगी सुविधा

इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन चलने से रांची और जमशेदपुर के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। बताया गया है कि इस मार्ग पर चलने के लिए एक ही रैक से रांची और टाटा के यात्रियों को सीधा लाभ मिल जाएगा। लेकिन यदि टाटा- पुरुलिया- बोकारो- गोमो-पंडित दीनदयाल उपाध्याय-वाराणसी होकर ट्रेन चलेगी, तो टाटा के लिए अलग और रांची के लिए अलग-अलग रैक की आवश्यकता होगी। इसलिए संभवतः टाटा और रांची से प्रस्तावित वंदे भारत एक्सप्रेस पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा और डालटनगंज होकर चलेगी।

टाटा से वाराणसी के लिए अभी तीन ट्रेनों की सुविधा

फिलहाल टाटा से रांची के लिए तीन ट्रेनें हैं, जिनमें टाटा-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन टाटानगर से सोमवार और बुधवार को चलती है। जबकि वाराणसी से गुरुवार और शनिवार को चलती है। वहीं शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन टाटा से बुधवार को चलती है। वहीं यह ट्रेन वाराणसी से सोमवार को रवाना होती है। इसके अलावा पुरी-आनंद विहार नीलाचंल एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन टाटानगर से खुलती है। जबकि वाराणसी से मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को खुलती है।

वाराणसी से रांची के लिए तीन ट्रेन

रांची से वाराणसी के लिए फिलहाल तीन ट्रेनें हैं। इनमें रांची -वाराणसी इंटरसिटी, संबलपुर-वाराणसी एक्सप्रेस और रांची -लोकमान्य तिलक साप्ताहिक एक्सप्रेस शामिल हैं।