Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Raipur सप्ताहभर में दोगुने हुए मरीज, फिर से Lockdown की आहट

छत्तीसगढ़ में अनलाक शुरू होने के साथ की कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। राज्य में पूरे लॉकडाउन के दौरान जितने मरीज नहीं मिले थे उससे करीब आठ गुना मरीज इन डेढ़ महीनों में बढ़ गए हैं। वहीं, सप्ताहभर में ही भर्ती मरीजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। पॉजिटिव मरीज राज्य के सभी जिलों में मिल रहे हैं। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में कोरोना की वजह से अब तक 20 मौत हो चुकी है। इसमें से 19 मौत अनलाक के दौरान हुई है। हालांकि सरकार यहां वायरस के सामाजिक संक्रमण से इन्कार कर रही है, लेकिन मरीजों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य मे फिर से लाकडाउन की आहट महसूस की जा रही है। सत्ता स्र्ढ़ कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी भाजपा के नेता पहले ही लॉकडाउन की मांग कर चुके हैं। गृह विभाग की कमान संभाल रहे मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने कहा कि अभी लॉकडाउन को लेकर कुछ तय नहीं है। सरकार हालात पर नजर रखे हुए है और उसका परीक्षण कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार बीते एक महीने से राज्य में जितने मरीज मिल रहे हैं, उनमें से 90 फीसद स्थानीय हैं। उनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। इनमें फेरीवालों से लेकर गृहणी आदि भी शामिल हैं। वे किसी पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के कारण रोगग्रस्त हुए हैं।

क्वारंटाइन केंद्र भी खाली

राज्य में 31 मई को राज्य में 52365 होम क्वारंटाइन और 210926 क्वारंटाइन में थे। इनमें करीब दो लाख से अधिक प्रवासी श्रमिक थे। अब राज्य में गिनती के लोग क्वारंटाइन में हैं।

रायपुर में इस वक्त भर्ती मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा 504 हैं। वहीं बस्तर संभाग के नारायण्ापुर जिले में 103 हैं। बिलासपुर के 77, दुर्ग के 73, राजनांदगांव के 59 और सरगुजा के 49 मरीज भर्ती हैं। इसी तरह जांजगीर-चांपा के 47 और कोरबा 32 पॉजिटिव मरीज हैं।