Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

टिकटॉक की बजाय अब नया Indian ऐप Roposo आ रहा लोगों को पसंद, मिले इतने डाउलोड्स

TikTok समेत 59 चायनीज एप्स बंद होने के बाद इसके विकल्प के रूप में कई सारे एप्स उभरकर सामने आए हैं जिनमें एक नया नाम जुड़ा है Roposo का। यह ऐप पूरी तरह से भारतीय है और इस वजह से लोग इसे काफी ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भारत में टिकटॉक पर प्रतिबंध के बाद यह 20 करोड़ मोबाइल फोन्स पर बंद हो गया है। इसी का फायदा उठाते हुए कई भारतीय एप्स तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। पिछले दिनों चिंगारी और अन्य एप्स के बाद अब रोपोसो को लोग तेजी से डाउनलोड कर रहे हैं। रोपोसो से हर एक घंटे में पांच लाख नए यूजर जुड़ रहे हैं।

कंपनी ने एक बयान में कहा है कि उसका नेटवर्क बढ़ने की यही रफ्तार रही तो महीने के अंत तक उसके दस करोड़ यूजर हो जाने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने कई अन्य बड़े चीनी नामों जैसे अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग लिमिटेड के यूसी वेब मोबाइल ब्राउजर और टेनसेंट होल्डिंग्स लिमिटेड के वीचैट मैसेजिंग ऐप पर भी रोक लगाई है। ऐसा करते हुए भारत ने गोपनीयता और सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया।

रोपोसो भी अन्य भारतीय एप्स की तरह यूजर्स को मजेदार शॉर्ट वीडियो बनाने में मदद करती है। इसकी मदद से यूजर्स बॉलीवुड के गानों के अलावा ह्यूमर, प्रैंक, फैशन और यहां तक कि कोरोनो वायरस महामारी से जुड़े चुटकुलों पर भी वीडियो बना सकते हैं।

टिकटॉक पर बैन के बाद कई भारतीय एप्स ने खासी प्रगति की है। गार्टनर इंक के एक वरिष्ठ निदेशक मंजूनाथ भट ने कहा कि भारत के उद्यमियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। कोरोना वायरस, लॉकडाउन और चीनी एप पर प्रतिबंध का ऐसा संयुक्त प्रभाव पड़ा है जो ऐसे अवसर दे रहा है जो पहले कभी नहीं मिले।

भारतीय ऐप में चिंगारी, मित्रों और बोलो इंडिया आदि चीनी एप का बेहतर विकल्प बन चुके हैं। इनमें भारतीय यूजर्स की बाढ़ सी आ गई है। इनमें से कुछ एप महज कुछ सप्ताह पुराने हैं। विभिन्न श्रेणियों के नए दावेदारों में तीन बातें समान हैं। उनके एप भारत में बने हैं। उनका डाटा भारत में संग्रहित है। उनकी सामग्री, मुख्यतः क्षेत्रीय भाषाओं में, स्थानीय संवेदनाओं से जुड़ी होती हैं।