Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Asam में बाढ़ से 36.50 लाख लोग प्रभावित हुए, काजीरंगा Nasnl Park में 76 जानवरों की मौत

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की एक रिपोर्ट के अनुसार, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस प्राकृतिक आपदा की वजह से गुरुवार को राज्य में दो और लोगों की जान चली गई थी। राज्य के 33 में से 26 जिलों के लगभग 36.50 लाख लोग बाढ़ की मौजूदा स्थिति में प्रभावित हो गए हैं। 26 जिलों में शामिल हैं – धेमाजी, लखीमपुर, बिश्वनाथ, सोनितपुर, दरंग, बक्सा, नालबारी, बारपेटा, चिरांग, बोंगाईगांव, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण सलमारा, गोलपारा, कामरूप, कामरूप (मेट्रो), मोरीगांव, नागांव, होजई, गोलाघाट, जोरहाट, माजुली, शिवसागर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, कार्बी आंगलोंग।

ऊपरी असम के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति में सुधार होने के बाद बाढ़ के हालात थोड़े सुधरे हैं। मगर, निचले असम के जिलों में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर है। धुबरी सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 5.51 लाख लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हैं। बारपेटा जिले में 5.29 लाख लोग, गोलपारा जिले में 4.27 लाख लोग, मोरीगांव जिले में 4.20 लाख लोग और दक्षिण सालमारा जिले में 2.25 लाख लोग प्रभावित हैं।

ASDMA की बाढ़ रिपोर्ट में कहा गया है कि 26 जिलों के 91 राजस्व क्षेत्रों के तहत 3,363 गांव वर्तमान में पानी में डूबे हैं और बाढ़ के पानी ने लगभग 1.29 लाख हेक्टेयर फसलों को तबाह कर दिया है। वहीं, 37 हजार 592 बाढ़ प्रभावित लोग वर्तमान में 247 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हो गए हैं।

कुछ नदियों में जल स्तर घट रहा है, लेकिन ब्रह्मपुत्र नदी अभी भी जोरहाट जिले के नेमाटीघाट, सोनितपुर जिले के तेजपुर, गुवाहाटी, गोलपारा और धुबरी में खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन ने अब तक 70 हजार 878 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से बचाया है। बाढ़ से राज्य में 191 तटबंध, 133 पुल, पुलिया और 1,414 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ के कारण एक सींग वाले गैंडों सहित सत्तर जानवरों की मौत हो गई है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान प्राधिकरण के अनुसार, चार गैंडों की बाढ़ के पानी में डूबने से मृत्यु हो गई, जबकि एक राइनो की बाढ़ के दौरान प्राकृतिक रूप से मृत्यु हो गई। राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ के दौरान 61 हिरण, पांच जंगली सूअर, दो जंगली भैंसे आदि की मौत हो गई है। पार्क प्राधिकरण, वन कर्मियों और सेंटर फॉर वाइल्ड लाइफ रिहैबिलिटेशन एंड कंजर्वेशन ने 121 जंगली जानवरों को बचाया है।