Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

खुलासा: ट्रेनों में नाचने वाली किन्नर चांदनी से फर्जी ओएसडी बना चंदन ठग, अखबार से जुटाता था विवादित जानकारी

सीएम का ओएसडी बनकर जालसाजी करने वाला चंदन।
– फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

सीएम का ओएसडी बनकर ठगी करने वाला चंदन के कई नाम के प्रमाण और परिचय पत्र बरामद हुए हैं। वह चार तरह की आवाजों में बातें करता था। यही नहीं कई तरह से ठगी भी करता था। 20 साल पहले वह किन्नर बनकर ट्रेन में यात्रियों से पैसे वसूलता था। धीरे-धीरे ठगी के तरीके बदलते हुए अब बड़े हाथ साफ करने लगा था, मगर एसएसपी को धमकी में लेने के चक्कर में पकड़ा गया।

एएसपी मानुष पारिक ने बताया कि आरोपी चंदन ने ठगी के लिए अपने चार नाम रख लिए थे। चंदन धोबी, चंदन शर्मा, चांदनी व पुष्पा। वह चार तरह की आवाज में बात करता था। साथ ही उसके पास से अलग-अलग पते वाले दस्तावेज भी मिले हैं। पैन कार्ड पर पुणे, आधार कार्ड पर बलिया का पता था। उसके पास अलग-अलग पार्टियों के सदस्यता वाले परिचय पत्र भी मिले हैं। वह समय-समय पर पार्टियों में सदस्य बन जाता था।

श्रम विभाग के सचिवालय का पास भी उसने बनवा रखा था। वहीं, 20 जिलों के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, थानों व डीसीआर यानी जिला कंट्रोल रूम के नंबर भी मिले हैं। यह जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, बलिया, कुशीनगर सहित अन्य जनपदों के लोगों को ठगता था और अधिकारियों को धमकाता था।

इसे भी पढ़ें: पेट्रोल के रुपये मांगने पर हत्यारोपी ने फिल्मी अंदाज में किया हंगामा, मैनेजर का सिर फोड़ा

एएसपी के मुताबिक, चंदन 20 साल पहले किन्नर बनकर ट्रेन में लोगों से रुपये मांगता था। वह दसवीं पास है। बीते 15 सालों से वह लोगों से ठगी व अधिकारियों को धमकाता था। उसके चार बैंक खाते मिले हैं, जिनमें कुल पांच लाख रुपये हैं। पुलिस अब इन खातों को फ्रीज कराएगी।