Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Gwalior corona में गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोग जल्द तोड़ रहे दम

किडनी, शुगर, बीपी जैसी बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर दम तोड़ रहे हैं। गुरुवार को 35 वर्षीय सुनील कुशवाह की मौत किडनी की बीमारी के चलते हुई। इससे पहले 52 वर्षीय राजकुमार ने किडनी ट्रांसप्लांट से पहले ही दम तोड़ दिया था। इसलिए गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को अत्याधिक सुरक्षा व सावधानी रखने की जरूरत है। जिला प्रशासन का भी अब बुजुर्गों के स्वास्थ्य व सुरक्षा पर फोकस किया है।

उम्रदराज व गंभीर बीमारियों पर विशेष नजर

प्रशासन कोरोना के बढ़ते आंकड़ों की रोकथाम के लिए कार्ययोजना बना रहा है। अब प्रशासन गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों पर विशेष निगरानी रखेगा। बुजुर्ग और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को सूचीबद्घ करने के लिए प्रशासन ने रणनीति बनाई है। इन लोगों की सूची तैयार कर उनकी विशेष निगरानी रखी जाएगी। यह सूची इंसीडेंट कमांडर से लेकर वार्ड के अफसरों तक को उपलब्ध होगी। जो सतत निगरानी रखते हुए लक्षण का पता चलते ही उनकी जांच करवाएंगे और उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा।

ऐसे केसों से समझें वृद्ध व बीमारियों से ग्रस्त लोगों पर टूटा कोरोना का कहर

1 – डबरा के 76 वर्षीय गंगाराम रोहिरा को शुगर, बीपी की शिकायत थी। साथ ही उन्हें कोरोना संक्रमण ने घेर लिया, जिसके कारण उनके लंग्स में संक्रमण हुआ और इलाज के दौरान 10 मई को उनकी मौत हो गई। कोरोना पॉजिटिव होने का पता 12 मई को चला था।

2 – डबरा की 106 साल की देवाबाई को कमजोरी थी ऊपर से कोरोना पॉजिटिव भी हो गईं। अस्पताल में उन्हें भर्ती किया पर उनकी मौत हो गई।

3 – गोल पहाड़िया के 49 वर्षीय राजकुमार की किडनी ट्रांसप्लांट दिल्ली में होनी थी। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें ग्वालियर लौटा दिया गया। सुपर स्पेशियलिटी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

4 – मुरार की 45 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हेमलता कोरोना पॉजिटिव पाई गई। उन्हें इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी में भर्ती किया, जहां पर पता चला उनकी शुगर बढ़ी हुई है। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

5 – ढोली बुआ निवासी 55 वर्षीय बदरुद्दीन और किलागेट के 65 वर्षीय मोहम्मद याकूब का निमोनिया की शिकायत के चलते भर्ती हुए। आइसोलेशन वार्ड में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जब रिपोर्ट आई तो पॉजिटिव पाए गए। उन्हें अन्य बीमारियां भी बताईं गईं।

6 – हजीरा के 55 वर्षीय अरविंद दुबे को मलेरिया, लंग्स में पानी भरने संबंधी शिकायत थी। जांच में वह कोरोना संक्रमित पाए गए। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया पर उनकी मौत हो गई।

7- सिंधिया नगर निवासी 60 वर्षीय बसंती बाई को बीपी-शुगर की बीमारी थी। कोरोना ग्रस्त हुई तो उन्हें सुपर स्पेशियलिटी में वेंटीलेटर पर भी रखा गया पर उनकी मौत हो गई।

8 – शिंदे की छावनी निवासी 35 वर्षीय सुनील कुशवाह ने एक साल पहले किडनी ट्रांसप्लांट करवाई थी। लेकिन फिर से किडनी संबंधी समस्या हुई तो उन्हें नवजीवन हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। तब सुपर स्पेशियलिटी में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया पर उन्होंने दूसरे दिन ही दम तोड़ दिया।