Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

नई नवेली दुल्‍हन के गले में पेंचकस घोंप पति फरार, एक सात साल के बच्‍चे के सामने हुआ हादसा, पुलिस को दिया बयान

पाकुड़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक पति अपनी पत्‍नी के गले में पेंचकस घोंपकर भाग गया है। पत्‍नी की मौत के बाद से पति फरार है। दोनों की अभी दो महीने पहले ही शादी हुई थी। खुद ग्रामीणों ने आरोपित पति को भागते हुए देखा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

19 Sep 2023

पाकुड़ : मालपहाड़ी ओपी के चेंगाडांगा बगानपाड़ा में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे कबिरुल शेख ने गले में पेंचकस घोंपकर पत्नी 19 वर्षीय सुंदरी बीबी को मार डाला। घटना के बाद कबिरुल फरार हो गया।

पुलिस ने खून से सने पेंचकस को किया बरामद

थाना प्रभारी आशीष कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंच मामले की जांच की। घटनास्थल से पेंचकस बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो माह पूर्व ही दोनों की शादी हुई थी। घटना के बाद सुंदरी बीबी के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

पत्‍नी के गला में घोंप दिया पेंचकस

चेंगाडांगा गांव के ही एक सात वर्षीय बालक ने पूरी घटना को नजदीक से देखा। बालक ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद काफी बढ़ गया। इसी बीच गुस्से में लाल कबिरुल ने पेंचकस निकालकर पत्नी के गला में घोंप दिया। इससे पत्नी सुंदरी लहुलुहान हो गई। घर पर ही सुंदरी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपित कबिरुल भाग निकला। बच्चे ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दिया। ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग कबिरुल को भागते हुए देखा है। सूचना पाकर ओपी प्रभारी आशीष कुमार, पुअनि राजेश कुमार, पुअनि आशीष कुमार, पुअनि पप्पू कुमार चौधरी दलबल के साथ घटना स्थल पर शव को कब्जे में ले लिया।

दस दिनों से ससुराल में ही रह रहा था आरोपित

स्वजनों ने बताया कि सुंदरी की शादी दो माह पूर्व आटाेगली गांव निवासी जामु शेख के पुत्र कबिरुल के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ हुई थी। कबिरुल पिछले दस दिनों से अपने ससुराल चेंगाडांगा गांव में ही रह रहा था। ससुराल वालों ने बताया कि कबिरुल नशा करता है। पत्नी से हमेशा पैसा मांगा करता था। इससे सुंदरी काफी परेशान रहती थी। हालांकि, अभी तक घटना का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है।

आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी

घटना के तुरंत बाद आरोपित कबिरुल पैदल ही भाग निकला। कुछ ग्रामीणों ने उसे भागते हुए भी देखा। उस समय ग्रामीणों को यह सूचना नहीं मिली थी कि कबिरुल पत्नी को मारकर भाग रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि किस रास्ते से कबिरुल भाग रहा था। पुलिस आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरु कर दी। उसे पकड़ने के लिए आसपास गांवों के ग्रामीणों का सहारा लिया जा रहा है।