Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

आम इंसान की तरह कैदी भी माता की पूजा में हुए लीन, फलाहार का कर रहे सेवन, ऐसे करेंगे कन्‍या पूजन

नवरात्रि के पर्व की शुरुआत हो चुकी है। चारों ओर दुर्गा पूजा की धूम है जिससे केंद्रीय कारा मेदिनीनगर भी अछूता नहीं रहा है। यहां भी अम्‍बे मां की आराधना की जा रही है। कारावास में रह रहे कैदियों ने उपवास रखा है। जेल में सजा काट रहे 11 बंदी माता रानी की पूजा कर रहे हैं। इनके लिए अलग से फलाहार का इंतजाम भी किया जा रहा है।

19 Oct 2023

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिला में नवरात्र का आगाज होने के साथ ही चारों तरफ शक्ति की उपासना शुरू हो गई है। हर तरफ आस्था की बयार बह रही है। शहर के माता मंदिर जग-मग लाइट से रोशन हैं।

केंद्रीय कारावास के कैदी रख रहे उपवास

रोज सुबह-शाम माता मंदिरों पर श्रद्धालु दर्शन करने जाते हैं। नवरात्रि पर्व के दौरान माता के भक्त उपवास के लिए नंगे पैर रहते हैं, तो कोई मौन रहकर उपवास करता है, तो कोई अन्न त्याग कर गर्म पानी और लौंग का उपवास करता है। सभी श्रद्धालु अपनी-अपनी मन की इच्छा के रूप से उपवास कर रहे हैं। इससे केंद्रीय कारा मेदिनीनगर भी अछूता नहीं रह गया है। यहां भी जगत जननी मां जगदंबा की आराधना की जा रही है। जेल में सजा काट रहे 11 बंदी माता रानी का उपवास कर नवरात्रि पर्व पर मां की भक्ति कर रहे हैं। इसमें नौ पुरुष और दो महिला बंदी शामिल हैं।

केंद्रीय कारा में रोजाना हो रहा भजन कीर्तन

केंद्रीय कारा मेदिनीनगर में बंदियों ने जेल प्रशासन की मदद से कारागार में दुर्गा पूजा का दरबार सजाया हुआ है। सुबह-शाम बंदी दुर्गा सप्तशती पाठ, दुर्गा चालीसा व अन्य मंत्रों का जाप कर रहे हैं। सुबह- शाम भजन कीर्तन और आरती की आवाज पूरे जेल परिसर में गूंज रहा है। जेल प्रशासन भी व्रत रखने वाले बंदियों की सेवाभाव में लगा है। व्रत रखने वाले बंदियों की पूजापाठ, पूजा के वस्त्र के साथ ही फलाहार की व्यवस्था जेल प्रबंधन की तरफ से की गई है। नवरात्री की समाप्ति की बाद नौ कन्याओं को भोजन कराने का नियम है। नियम के अनुसार, जेल में नौ कन्याओं का भोजन नहीं कराया जा सकता है। इस कारण जेल प्रशासन के द्वारा भोजन बनाकर बाहर नौ कन्याओं का भोजन कराया जाएगा। जिससे नवरात्रि उपवास की सार्थकता सिद्ध हो सके।

इस वर्ष केंद्रीय कारा में 11 कैदियों ने नवरात्रि पर उपवास किए हैं। इसमें नौ पुरुष और दो महिला कैदी शामिल है। सभी कैदी सुबह जल्दी उठकर माता जी की पूजा कर आरती करते हैं और फलहार सामग्री ही लेते हैं। जेल में नवरात्रि के उपवास कर रहे कैदियों के लिए जेल प्रबंधन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। कैदियों के पूजन की विशेष व्यवस्थाओं के साथ ही फलाहार की व्यवस्थाएं भी की गई हैं। रोज फलाहारी खिचड़ी बनाई जाती है- जितेंद्र कुमार, कारा अधीक्षक,केंद्रीय कारा मेदिनीनगर।