Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

खरीदारी का पहुंचने लगा SMS, औने-पौने दाम पर नहीं सरकारी रेट पर होगा क्रय

गिरिडीह जिला सहित पूरे झारखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। किसानों को अब व्यापारियों और बिचौलियों के पास औने-पौने दाम में धान नहीं बेचना पड़ेगा। पैक्सों में ही उनसे अब सरकारी दर पर धान का क्रय किया जाएगा। इस संबंध में राज्य सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। धान की खरीददारी शायद आज से ही शुरू हो जाएगी।

28 Dec 2023

गिरिडीह : गिरिडीह जिला सहित पूरे झारखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। किसानों को अब व्यापारियों और बिचौलियों के पास औने-पौने दाम में धान नहीं बेचना पड़ेगा। पैक्सों में ही उनसे अब सरकारी दर पर धान का क्रय किया जाएगा। इस संबंध में राज्य सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। जिले में संभवत: गुरुवार से धान की खरीदारी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

एक हजार करोड़ का प्रावधान

सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान क्रय के लिए झारखंड राज्य धान अधिप्राप्ति योजना की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस वर्ष सरकार का छह लाख मीट्रिक टन धान क्रय करने का लक्ष्य है।

प्रत्येक किसान 200 क्विंटल बेच सकते धान

जारी पत्र के अनुसार, पैक्सों में प्रत्येक किसान से से अधिक 200 क्विंटल तक धान का क्रय किया जा सकता है। अपवाद स्वरूप यदि कोई किसान इससे अधिक धान बेचना चाहे तो उपायुक्त की ओर से स्थानीय स्तर पर जांच के बाद अनुमति प्रदान करने से संबंधी निर्णय लिया जाएगा।

यह है प्रक्रिया

पैक्सों में धान बेचने के लिए निबंधन हेतु किसान ई-उपार्जन पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसमें उन्हें फोटोयुक्त पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरणी, भूमि का रकवा की स्कैन कापी और मोबाइल नंबर अपलोड करना होगा।

ऑफलाइन निबंधन के लिए किसान इन कागजातों के साथ संबंधित कार्यालयों में आवेदन जमा कर सकते हैं। निबंधित किसानों को एसएमएस के माध्यम से संबंधित अधिप्राप्ति केंद्रों (लैंपस/पैक्स) पर धान बिक्री की तिथि व टोकन की सूचना दी जाएगी।

जिले के 52 पैक्सों में होगा धान का क्रय

पूरे जिला में किसानों से धान क्रय करने के लिए 52 पैक्सों का चयन किया गया है। इनमें धनवार व सरिया के पांच-पांच, बेंगाबाद, तिसरी, गिरिडीह, देवरी व गांडेय के चार-चार, बगोदर के सात, पीरटांड़ के तीन, डुमरी का एक, जमुआ के 10 और गावां प्रखंड के दो पैक्स शामिल हैं।

किसानों को मिलेगी राहत

पैक्सों में धान का क्रय शुरू होने से किसानों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें व्यापारियों के पास कम दाम में धान नहीं बेचना पड़ेगा। पैक्सों में धान क्रय शुरू नहीं होने के कारण किसान व्यापारियों के पास औने-पौने दाम में धान बेचना शुरू कर दिए हैं।