Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

BJP नेता ने हेमंत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने ईडी के अधिकारियों पर हमले का आह्वान किया था। झामुमो प्रवक्ता कह रहे कि जनता में आक्रोश है और कुछ भी हो सकता है। प्रतुल ने कहा कि जनता में इस बात को लेकर जरूर आक्रोश है कि मुख्यमंत्री की सरकार ने चार साल तक सिर्फ भ्रष्टाचार किया। आदिवासी मूलवासी का कोई विकास नहीं हुआ।

20 Jan 2024

रांची : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ के पहले सत्ताधारी गठबंधन द्वारा पूरे राज्य में आक्रोश और भय का माहौल दिखाने की कोशिश की जा रही है। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने तो ईडी के अधिकारियों पर हमले का आह्वान किया था। झामुमो के प्रवक्ता कह रहे कि जनता में आक्रोश है और कुछ भी हो सकता है। प्रतुल ने कहा कि जनता में इस बात को लेकर जरूर आक्रोश है कि मुख्यमंत्री की सरकार ने चार वर्ष तक सिर्फ भ्रष्टाचार किया। आदिवासी मूलवासी का कोई विकास नहीं हुआ। प्रतुल ने कहा कि अगले चुनाव में प्रदेश के आदिवासी मूलवासी हेमंत सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

राज्य सरकार अपने दायित्व का निर्वाह नहीं कर रही- प्रतुल

शुक्रवार को जिस तरीके से राजभवन के आस पास निषेधाज्ञा लगे होने के बाद भी प्रदर्शनकारियों को जाने की छूट थी, उससे साफ दिख रहा है कि राज्य सरकार अपने दायित्व का निर्वाह नहीं कर रही। प्रतुल ने कहा ये सब सरकार प्रायोजित था। राज्य सरकार को इनपर रोक लगानी चाहिए। प्रतुल ने कहा कि संविधान के आर्टिकल 7 के अनुसार विधि व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है। मुख्यमंत्री से पूछताछ के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखना भी राज्य सरकार का दायित्व है। अगर सत्ताधारी गठबंधन के इशारे पर राष्ट्र विरोधी तत्व पूछताछ के दौरान कोई विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करते हैं तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।