Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

राममय हुआ रांची चौक-चौराहों पर सामूहिक आरती और मंगलपाठ का आयोजन, 300 से अधिक मंदिरों में भंडारे का इंतजाम

अयोध्‍या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्‍ठा को लेकर पूरे देश में जश्‍न का माहौल है। झारखंड की राजधानी रांची में भी इसके लिए खास तैयारियां की गई हैं। शहर में उत्साह व उमंग का माहौल है। कहीं सुंदरकांड तो कहीं शंख ध्वनि बजाने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जा रहा है। 300 से अधिक मंदिरों में भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।

22 Jan 2024

रांची : श्रीरामोत्सव को लेकर पूरा शहर राममय हो चुका है। हरेक चौक चौराहे पर सुंदरकांड, सामूहिक आरती और मंगलपाठ का आयोजन किया जा रहा है। 22 जनवरी को अयोध्याधाम में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जहां उत्साह व उमंग का माहौल है।

कार्यक्रमों में महिलाओं की भी होगी भागीदारी

वहीं रांची शहर में भी मंदिरों की साफ-सफाई के अलावे दीपोत्सव मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कहीं सुंदरकांड तो कहीं शंख ध्वनि बजाने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जा रहा है।कार्यक्रमों को ले सभी मंदिरों में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। सभी मंदिरों की साफ सफाई व प्रात: वंदन के बाद सुंदरकांड पाठ और मंगलपाठ के बाद सामूहिक आरती में समाज का हर तबका शामिल होगा।

अखंड कीर्तन का होगा आयोजन

श्रीश्री शिव मंदिर कांके रोड गोंदा टाउन में सुबह से अखंड भजन कीर्तन होगा। इसके बाद महाआरती और प्रसाद का वितरण किया जाएगा। दीयों से दरबार को रोशन होगा।

होगी विशेष आरती

त्रिकोण हवन कुंड दुर्गा मंदिर सुभाष चौक के पुजारी पंडित विजय कुमार पाठक कहते हैं कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके अलावे 12:29 बजे विशेष महाआरती का आयोजन होगा। जिसमें महिला श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

आज आठ सौ से अधिक मंदिरों में होंगे तरह-तरह के उत्सव

पूरी राजधानी राममय है। पूरे शहर को भव्य तरीके से सजाया गया है। ऐसी सजावट कभी देखने को नहीं मिली। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राजधानी रांची के मंदिरों में भी पूजा पाठ की व्यवस्था की गई है। 800 से अधिक मंदिरों में तैयारी की गई है।इनमें से 584 मंदिरों में आरएसएस, विहिप एवं संघ के समवैचारिक संगठनों की ओर से व्यवस्था की गई है। सभी मंदिरों में पूजा पाठ के बाद प्रसाद का वितरण होगा। 300 से अधिक मंदिरों में भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।विहिप के प्रांत मंत्री बीरेंद्र साहू ने कहा कि झारखंड के 51 हजार मंदिरों में कार्यक्रम होंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिरों में होने वाले पूजा पाठों में भाग लें।

रुद्राभिषेक का होगा आयोजन

श्री एकादश रूद्र महावीर मंदिर शारदा बाबू रोड के पुजारी पंडित आशुतोष मिश्रा ने बताया कि 22 जनवरी को प्रतिदिन की तरह पूजा अर्चना के बाद रूद्राभिषेक, हनुमान चालीसा का पाठ, दीपोत्सव और प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें समाज के हर तबके को शामिल किया जाएगा।

भंडारे का होगा आयोजन

श्री मनोकामनापूर्ण हनुमान मंदिर लाइन टैंक रोड के अध्यक्ष दिलीप सिंह कहते हैं कि पूजा पाठ के बाद सुंदरपाठ का आयोजन किया जाएगा। पूजा अर्चना के बाद मंगलाआरती होगी और 3 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

श्याम मंदिर में होगा लाइव प्रसारण

हरमू रोड स्थित श्याम मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। श्रीरामोत्सव की तैयारी यहां जोरों पर है। एक सप्ताह से तैयारी चल रही है। कार्यक्रम के उप संयोजक गौरव अग्रवाल ने बताया कि 22 जनवरी को श्याम मंदिर में सुबह से ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

सुंदरकांड का किया जाएगा पाठ

मां वैष्णवी हनुमान मंदिर तपोवन कोकर के पुजारी पंडित प्रवीण मिश्रा ने बताया कि 22 जनवरी को सुबह 8 बजे से सुंदरकांड का पाठ शुरू होगा। इसके बाद महाआरती और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। फिर भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

बरनवाल महिला समिति ने निकाली शोभायात्रा

बरनवाल महिला समिति ने रविवार को किशोरगंज चौक स्थित दुर्गा माता मंदिर में ढोल, मृदंग के साथ भजन कीर्तन, दीप यज्ञ, शोभायात्रा व प्रसाद वितरण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में 101 दीप भी जलाए।भगवा झंडा के साथ राम भजन, कीर्तन व जय श्रीराम के उद्घोष के साथ महिलाओं व युवतियों ने दुर्गा माता मंदिर किशोरगंज से गाड़ीखाना चौक स्थित श्याम मंदिर तक शोभायात्रा निकाली।कार्यक्रम में संयोजन समिति की अध्यक्ष वीणा बरनवाल के अलावा पूर्णिमा प्रसाद, अलका बरनवाल, मधु बरनवाल, सत्या कंचन बरनवाल, बबीता देवी, निर्मला देवी, कंचन बरनवाल, पुष्पा देवी, सुष्मिता बरनवाल, सिंधु बरनवाल, राधा बरनवाल इत्यादि उपस्थित थीं।