Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार, चालक लापता, तलाश में जुटी पुलिस

ओंकारेश्वर नहर परियोजना की नहर में एक कार गिर गई, वहीं कार चालक के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

17 Feb 2024

बड़वाह : एक्वाडक्ट के समीप शुक्रवार दोपहर में ओंकारेश्वर नहर परियोजना की नहर में एक कार गिर गई। जब इस घटना की जानकारी लगी तो कार नहर में गोते खा रही थी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब गोताखोरों ने कार को देखा तो उसमें कोई नहीं मिला। पुलिस को घटना के समय का एक वीडियो भी मिला है। जिसमें कार में एक व्यक्ति के होने की बात कही जा रही है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि किसी अन्य को बचाने के चक्कर में कार सवार अनियंत्रित होकर नीचे नहर में गिर गया। ऐसे में पुलिस इस जांच में जुटी है कि कार में कौन और कितने लोग थे?

थाना प्रभारी प्रीतम सिंह ठाकुर ने बताया कि करीब चार बजे सूचना मिली कि एक कार नहर में गिर गई है। घटना की जानकारी लगी तो मौके पर लोगो को भीड़ जमा हो गई। कार में कोई है या नहीं इस बात की तस्दीक के लिए नावघाट खेड़ी के गोताखोर बाबूलाल मंगले, प्रदीप केवट को बुलाया गया। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद कार को खोजा गया। इस दौरान गोतखोरों ने देखा की कार का दरवाजा खुला हुआ था। ऐसे में प्रतीत हो रहा है की, जो भी होंगे वो कार से निकल गए होंगे। इसके बावजूद गोताखोरों ने काफी देर तक तलाश किया। लेकिन कोई नहीं मिला।

संभवतः कार में एक ही व्यक्ति था

एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि कार डूबने की सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद कुछ लोगों से वीडियो प्राप्त हुआ। इसमें कार के डूबने के समय की घटना थी। इसमें ऐसा लग रहा है की कार में एक ही व्यक्ति था। कार करही के पास बोरबावडिया गांव के किसी शैलेंद्र पांडे के नाम पर रजिस्टर्ड है। लेकिन कार में कौन बैठा था ये पता नहीं चल पाया है।इसकी जांच पुलिस कर रही है। उल्लेखनीय है कि नर्मदा जयंती पर्व के कारण पुलिस ने इस मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया था। बस, कार आदि पंचवटी होटल के सामने से नहर किनारे से होते हुए वाहन एकवाडक्ट पुल पर से मोरटक्का जा रहे थे।इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक था।