Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट और कृषि मंत्री श्री कंषाना ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं को सम्मानित किया

प्रदेश को कृषि कर्मण अवार्ड दिलाने में सबसे बड़ा योगदान सिंचाई का – कृषि मंत्री श्री कंसाना
प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री मोदी के सपनों को पूरा करेंगे – मंत्री श्री सिलावट

भोपाल : मंगलवार, फरवरी 20, 2024

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट और कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने अपेक्स बैंक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में जल संसाधन विभाग में वर्ष 2023-24 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं को सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरुस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, सचिव श्री कृष्ण गोपाल तिवारी, एएनसी श्री शिशिर कुशवाह उपस्थित थे।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि यह सम्मान वास्तव में प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को पूरा करने के प्रयासों का सम्मान है। प्रदेश के किसानों को सशक्त करने का सम्मान है। प्रदेश से गरीबी और भूख को खत्म करने का सम्मान है। किसानों के आत्म सम्मान को बढ़ाने का सम्मान है। वर्ष 2016 के बाद अब यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। जल संसाधन विभाग एक परिवार है जो किसानों के लिए काम करता है. उनको सिंचाई के लिए पानी और पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। जगह-जगह बांध बनाकर वर्षा के पानी को संरक्षित और संरक्षण कर उसको जन उपयोगी बनाने के लिए कार्य योजना बनाता है।

मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदेश में वर्ष 2025 तक कुल 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करना है और वर्ष 2047 तक प्रदेश के संपूर्ण कृषि क्षेत्र में पानी पहुंचाना है। हमने प्रदेश में विगत तीन वर्षों में 5 लाख हेक्टेयर से अधिक नवीन सिंचाई क्षमता विकसित की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक हमें 100 प्रतिशत सिंचाई के लक्ष्य को प्राप्त करना है। विभाग के अधिकारी अपने पूर्व के रिकार्ड तोडे और क्षमता से अधिक काम करते हुए प्रदेश में सर्वाधिक सिंचाई क्षमता विकसित करने को अपना लक्ष्य बनाएं।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री कंषाना ने अभियंताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश को 7 वर्षों से लगातार कृषि कर्मण अवार्ड मिल रहा है, इसमें सबसे महत्वपूर्ण योगदान जल संसाधन विभाग का है। कृषि विभाग और किसानों को आप सब पर गर्व है। आप किसानों को फसल के लिए पानी उपलब्ध कराते हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होती है। सम्मान समारोह में सम्मिलित होकर मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

समारोह में अभियंता श्री विकास राजोरिया और श्री शुभांकर विश्वास को मोहनपुरा कुंडालियां परियोजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय 1-1 लाख रुपये का पुरुस्कार दिया गया। तवा परियोजना में क्षमता से अधिक क्षेत्र में सिंचाई के लिए मुख्य अभियंता अनिल पिपरे और अधीक्षण यंत्री श्री राजाराम मीना को राज्य स्तरीय 50-50 हजार रुपये का पुरुस्कार मिला। अन्य अभियंताओं को 25-25 हजार रूपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समारोह में जल संसाधन विभाग के कुल 45 अभियंताओं को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।