Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्राथमिक स्‍कूल के सामने अचानक हुआ विस्‍फोट, दो बच्‍चे घायल

05

दोनों घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ उपचार हेतु लाया गया।

28 Feb 2024

अनूपपुर : पुष्पराजगढ़ तहसील क्षेत्र के थाना राजेंद्र ग्राम अंतर्गत ग्राम पंचायत दोनिया के मिर्च दादर गांव में मंगलवार की सुबह प्राथमिक पाठशाला के सामने अचानक विस्फोट हुआ और धमाके की आवाज के बाद दो बच्चे घायल हो गए। घायलों में संजय पिता सुग्रीव सिंह 7 वर्ष और यशराज पिता अशोक सिंह 11 वर्ष शामिल हैं। दोनों के पैर तथा हाथ के पास चोट आई है। घटना सुबह करीब 10 बजे की है।

दोनों घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ उपचार हेतु लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद यशराज पिता अशोक को सांयकाल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था, इस बच्चे के चेहरे में भी चोट थी। घटना की असल वजह पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट नहीं किया जा सका है। हालांकि राजेंद्र ग्राम थाना की पुलिस से घटनास्थल गांव जाकर जांच कर रही है कि आखिर बच्चे जिस वस्तु से खेल रहे थे वह विस्फोट कैसे हुआ। यह वस्तु क्या कोई बारूद की कैप थी या फिर अन्य कोई वस्तु। बताया गया दोनों बच्चों का घर स्कूल के समीप था और स्कूल खुलने के कुछ देर पहले दोनों वहां खेल रहे थे।

शुरू में यह बताया गया की घड़ी की सेल जैसी वस्तु के वायर को जब जोड़ रहे थे तभी विस्फोट हुआ था। इस घटना को लेकर यह भी जन चर्चा है कि यहां पत्थर की कुछ खदान भी हैं और यदा- कदा पत्थर को तोड़ने ब्लास्टिंग की जाती है। तो हो सकता है कि उसी से संबंधित कोई वस्तु इन बच्चों तक पहुंच गई हो और यह घटना हो गई। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि प्रशासन द्वारा नहीं की गई है।