Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

एक आठ साल पुराना पुल भी बाढ़ से ढहा सिवनी में उद्घाटन से पहले बह गया पुल

जिले में बारिश का दौर शनिवार की शाम को थम गया लेकिन वह अनियमितताओं के कई राज भी खोल गया। लखनादौन क्षेत्र में शुक्रवार को जहां एक निस्तारी बांध बह गया, वहीं दो पुल भी वैनगंगा के तेज बहाव से ढह गए, इसमें सुनवारा के 150 मीटर लंबे पुल का तो अभी उद््घाटन तक नहीं हुआ था। इसके अलावा जिले में दो हजार से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसमें से दो सैकड़ा मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। मक्का और दूसरी फसलों को भी खासा नुकसान पहुंचा है।

भीमगढ़ से सुनवारा के बीच में हाल में ही 3 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण हुआ था। करीब एक माह से ग्रामीणों ने इसका उपयोग शुरु कर दिया था। पुल का निर्माण म.प्र. ग्राम सड़क विकास प्राधिकरण परियोजना क्रियान्वयन इकाई-2 सिवनी के अंर्तगत किया गया था। कागजों में पुल के निर्माण की आखिरी तारीख 30 अगस्त 2020 तय की गई थी। इस पुल का निर्माण भोपाल के ठेकेदार एसव्ही कंट्रक्सन ने किया था।

इस पुल के ढह जाने का राज तब खुला जब वैनगंगा का जलस्तर कम हुआ। इस पुल का निर्माण करीब आठ साल पहले पीडब्ल्यूडी के द्वारा किया गया था। पुल की लागत 5 करोड़ 75 लाख रुपए थी। इस पुल के खंबे अभी सही सलामत हैं, लेकिन ऊपर का स्लैब सैलाब नहीं झेल पाया। इस पुल के टूट जाने से 70 से 80 गांवों का संपर्क टूट गया है।