Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

24 घंटे में 78 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े, 62 हजार लोग ठीक हुए

Default Featured Image

देश में मंगलवार को कोरोना मरीजों का आंकड़ा 37 लाख के पार हो गया। अब तक 37 लाख 66 हजार 108 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 78 हजार 168 नए मरीज बढ़े। राहत की बात यह है कि इनमें 28 लाख 99 हजार 521 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

मंगलवार को 62 हजार 146 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए। एक्टिव मरीजों की संख्या भी 8 लाख से अधिक हो गई है। मतलब देश में अभी 8 लाख 972 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 66 हजार 460 मरीजों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे के अंदर 1,027 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।

काेराेना संक्रमण के लिहाज से पुणे देश का सबसे प्रभावित शहर बन गया है। 1.75 लाख से ज्यादा संक्रमितों के साथ पुणे ने दिल्ली को पीछे छोड़ दिया। अगस्त के शुरू में 91,903 मरीजों के साथ पुणे संक्रमित शहरों की सूची में पांचवें स्थान पर था। लेकिन, एक महीने में यहां सबसे ज्यादा 83 हजार मरीज बढ़ गए।

कुछ हफ्तों से रोज दो-तीन हजार मरीज मिल रहे हैं। सक्रिय मरीज भी पुणे में सबसे ज्यादा हैं। यहां 52 हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज हैं। कभी सबसे संक्रमित रहे मुंबई में सिर्फ 20 हजार और दिल्ली में 15 हजार सक्रिय मरीज बचे हैं। पुणे में सक्रिय मरीज पिछले कुछ हफ्ताें के दौरान तेजी से बढ़े हैं। यानी ज्यादातर संक्रमण हाल के दिनाें के हैं। जिला प्रशासन इसकी वजह जांच की संख्या बढ़ना बता रहा है।