Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

रायपुर : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को देश के सर्वश्रेष्ठ कृषि विश्वविद्यालयों में 12वां स्थान मिलने पर राज्यपाल ने दी बधाई

Default Featured Image

राज्यपाल श्री बलरामजी दास टंडन से आज यहां राजभवन में  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति श्री एस. के. पाटिल ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल श्री टंडन को बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् द्वारा वर्ष 2017 के लिए दी गई रैंकिंग में 12वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो कि एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। गत वर्ष विश्वविद्यालय का स्थान 17वां था, जिसमें सुधार हुआ है। राज्यपाल श्री टंडन ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी और कहा कि इसी प्रकार विश्वविद्यालय नई ऊंचाईयों को छुए और यहां से उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
श्री पाटिल ने बताया कि केन्द्रीय विज्ञान और तकनीकी विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में जैव प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए 44 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। यह परियोजना दो चरणों में अगले पांच सालों में विकसित की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर में बॉयोटेक इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा और बिजनेस इंटरप्राइज जोन के लिए रायपुर जिले के ग्राम-मुनगी में भूमि आबंटित की गई है। उन्होंने बताया कि यह देश का दूसरा बॉयो टेक्नोलॉजी पार्क होगा। पहला पार्क बैंगलुरू में स्थापित किया गया है।