Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कंप्यूटर एजुकेशन में दक्ष होंगे सरकारी विद्यालयों के छात्र, जिले के 300 स्‍कूलों का हुआ चयन

Default Featured Image

जिले के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर एजुकेशन शुरू किया जाएगा। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जिले में करीब 300 हाई स्कूल व प्लस टू विद्यालय हैं, जहां कंप्यूटर एजुकेशन शुरू करने की तैयारी है। विभाग की ओर से कार्ययोजना पर तैयारी शुरू कर दी गई है।

झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा जिले के हाईस्कूल व प्लस टू विद्यालयों में कंप्यूटर लैब के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर आमंत्रित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिस एजेंसी को टेंडर मिलेगा, उसके द्वारा कंप्यूटर लगाने का काम किया जाएगा। जिस एजेंसी को कंप्यूटर लगाने का टेंडर मिलेगा, उसके समक्ष यह शर्त भी रखा गया है कि अगले पांच वर्षों तक कंप्यूटर के संचालन से लेकर रखरखाव तक की जिम्मेवारी संभालनी होगी। वैसे एक विद्यालय में 10 कंप्यूटर सेट लगाने की लक्ष्य तय किया गया है।

विद्यालयों में समग्र शिक्षा अभियान के तहत कंप्यूटर लगाए जाएंगे। इसके लिए 60 फीसदी राशि भारत सरकार और 40 फीसदी राशि राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। बताते चलें कि सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लगाने की योजना है, ताकि बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा में दक्ष किया जा सके। कंप्यूटर लगाने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। शुरुआत हाई स्कूलों और प्लस टू स्कूलों से की जाएगी। उसके बाद अगले चरण में मध्य विद्यालयों में भी कंप्यूटर लगाने का काम किया जाएगा।

जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रबला खेस ने बताया कि इस योजना के तहत काम किया जा रहा है। जिन हाईस्कूल और प्लस टू स्कूलों में कंप्यूटर लगाया जाना है उन स्कूलों का चयन कर लिया गया है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही कंप्यूटर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।