Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

ठंड ने तोड़ा 14 साल का रिकार्ड, दिल्ली में इस बार नवंबर में ही दिसंबर

देश की राजधानी दिल्ली में नवंबर में ही शीत लहर चलने का एहसास होने लगा है। दिल्ली में ठंड ने नवंबर महीने के 14 सालों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इससे पहले दिल्ली में नवंबर के महीने में इतनी सर्दी 2006 में पड़ी थी। राजधानी का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 7.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। 

हालांकि 23 नवंबर के बाद ठंड कुछ कम होगी, लेकिन यह राहत आंशिक होगी। इतना ही नहीं पूरे नंवबर की बात करें तो इस साल का नवंबर ठंड के मामले में दशकों के रिकॉर्ड को तोड़ता दिखाई दे रहा है। नवंबर के अब तक के महीनों में सिर्फ एक दिन ऐसा रहा है जब तापमान सामान्य से ऊपर गया है। बादल छाए रहने के चलते 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा है। 

बता दें कि ठंड के मामले में इस बार अक्टूबर महीने ने भी पिछले 58 साल के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। अक्टूबर का औसत न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि, अक्टूबर में औसत न्यूनतम तापमान सामान्यतौर पर 19.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। इससे पहले वर्ष 1962 का अक्टूबर महीना इससे ज्यादा ठंडा रहा था। उस साल अक्टूबर का औसत न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।