Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

सेकंड फेज को लेकर झारखंड में अलर्ट, जमशेदपुर में आज से आंशिक लाॅकडाउन

देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस महामारी के सेकेंड फेज को लेकर झारखंड भी अलर्ट मोड में है। सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है। वहीं, कई जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक भी अपने-अपने स्तर से सतर्कता बरत रहे हैं। उधर, पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 23 नवंबर से शहर में आंशिक लाॅकडाउन लगाने की घोषणा की है।

रविवार को जिला दंडाधिकारी व उपायुक्त सूरज कुमार और वरीय आरक्षी अधीक्षक डा. एम तमिल वाणन ने इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी कर दिया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सोमवार को जिला प्रशासन समीक्षा बैठक कर तय करेगा कि आंशिक लाॅकडाउन के दौरान कौन-कौन सी गतिविधियां बंद रहेंगी। माना जा रहा है कि यह कवायद लाॅकडाउन की ओर उठाया गया कदम है।

दूसरी ओर, बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से सटे जिलों में भी प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। दुर्गा पूजा के बाद बंगाल से सटे झारखंड के जिलों में कोरोना का संक्रमण बढऩे की आशंका बढ़ी है। दूसरे राज्यों से सटे झारखंड के जिलों में भी मास्क की चेकिंग तेज करने संबंधित आदेश जारी हुआ है। हालांकि, मास्क की जांच को लेकर पुलिस मुख्यालय स्तर से कोई विशेष आदेश जारी नहीं किया गया है। इस संदर्भ में स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने निर्णय लिए हैं।

विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के  दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कोरोना से जंग जीतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सतर्कता और सामू्हिक प्रयास से यह जंग जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि लाकडाउन और कोरोना संकट काल में महामारी से हमने काफी हद तक सफलतापूर्वक जंग लड़ी। झारखंड पूरे देश के लिए उदाहरण बना। सरकार झारखंड में जनजीवन सामान्य करने में जुटी हुई है। कोरोना के खिलाफ जंग को आमजनों के सहयोग से जीता जा सकता है। आमजनों से अनुरोध है कि जब तक इसका पुख्ता इलाज न हो, तबतक सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि दिल्ली समेत अन्य शहरों में कोविड-19 के दूसरे चरण के बढ़ते संक्रमण के कारण जमशेदपुर में 23 नवंबर से आंशिक लाकडाउन लगाया जा रहा है। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए नियमित जांच और निगरानी होगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में शारीरिक दूरी व मास्क अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए शहर के अंदर 10 आंतरिक चेकपोस्ट सोमवार से पुन: क्रियाशील कर दिए जाएंगे। इन सभी चेकपोस्टों पर दो पाली में दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे। इस दौरान जो भी व्यक्ति मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन करता हुआ मिलेगा, उसे जुर्माना व अस्थायी जेल की सजा भी हो सकती है।

जमशेदपुर के परसुडीह में रेलवे थाना के पास, जुगसलाई थाना के सामने, मोदी पार्क के सामने, पुराना कोर्ट मोड़, एग्रिको गोलचक्कर, साकची गोलचक्कर, गोलमुरी गोलचक्कर, दोमुहानी का नया पुल, कदमा टॉल ब्रिज और जमशेदपुर वीमेंस कालेज के सामने।

अपर जिला दंडाधिकारी नंदकिशोर लाल ने रविवार को शहर के शॉपिंग मॉल में छापेमारी अभियान चलाया, जहां मास्क नहीं पहनने और शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन करने वालों को फटकार लगाई। एडीएम ने साकची स्थित कपड़ों के शोरूम व शॉपिंग मॉल के अलावा बिष्टुपुर स्थित पीएम मॉल में भी मास्क व शारीरिक दूरी नहीं रखने वालों को चेतावनी दी।

You may have missed