Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

सीएम ने ओपी लाल के निधन पर जताया शोक, झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा-अपूरणीय क्षति

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने बाघमारा से तीन बार विधायक एवं संयुक्त बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओपी लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

ओपी लाल का निधन रविवार को 80 वर्ष की उम्र में हुआ। वे पिछले कुछ दिनों से रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाजरत थे। वे अपने पीछे चार पुत्रों, एक पुत्री, पत्नी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने उनकी मौत पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि उनकी सेवा और कांग्रेस के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सदैव याद रखा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस डा. रामेश्वर उरांव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ओपी लाल जी के निधन से कांग्रेस पार्टी ही नहीं, झारखंड राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है। उम्र के अंतिम पड़ाव में भी ओपी लाल ने पार्टी संगठन के कार्यक्रम व विस्तार को लेकर प्रतिबद्धता की अनूठी मिसाल कायम की।