Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स का 9 महीने का होगा कार्यकाल, दिसंबर में होना है चुनाव

झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल इसी वर्ष सितंबर में खत्म हो गया था। मगर कोरोना संक्रमण की वजह से चैंबर का चुनाव नहीं कराया जा सका। ऐसे में अब 20 दिसंबर को नए कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराने की घोषणा कर दी गई है। साथ ही, 19 दिसंबर को एजीएम भी होगी। मगर एक बड़ी बात सामने आई है कि झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स के अगले कार्यकारिणी का कार्यकाल केवल नौ महीने का ही होगा।

चैंबर महासचिव धीरज तनेजा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय ने वर्तमान कार्यकारिणी को एक्सटेंशन दे दिया था। अब सरकार के ही आदेश से चुनाव हो रहा है। मगर यह कार्यकाल नौ महीने का ही होगा। अगले वर्ष सितंबर में चैंबर के चुनाव फिर से करवाए जाएंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि चैंबर के कार्यकाल के कैलेंडर को सुचारू किया जा सके। नए कार्यकारिणी में एक्सटेंशन के तीन महीने भी जुटेंगे।

उन्होंने बताया कि इस बारे में भी एक आदेश कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से प्राप्त हुआ है। चैंबर महासचिव धीरज तनेजा ने बताया कि झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स की त्योहारी मौसम में व्यापारियों का व्यापार बेहतर हुआ है। मगर अब व्यापारियों को चुनाव के लिए जोर लगाना है। इस चुनाव में राज्य भर से व्यापारी शामिल होते हैं। कोरोना काल में चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती है।

वह भी तब, जब कई राज्यों में लाॅकडाउन टू की तैयारी चल रही है। मंत्रालय और रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी के तहत चुनाव कराया जाएगा। इसमें सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। गौरतलब है कि सितंबर में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की ओर से सभी कंपनियों और संस्थाओं को निर्देश दिया गया है कि वे बिना किसी शुल्क के अपना कार्यकाल 31 दिसंबर तक के लिए बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी से कंपनियों और चैंबर या संघ को ऑनलाइन एजीएम कराने की छूट दी गई है।