Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान

यातायात नियमों के पालन के लिए जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 18 जनवरी से शुरू हुए एक माह का यह अभियान 17 फरवरी तक चलेगा। इसके पूर्व वर्षाें में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता था। इसकी अवधि में वृद्धि की गई है, ताकि जन मानस में यातायात नियमों के प्रति अधिक सजगता आ सके। मानव जीवन अनमोल है, इसलिए हमें जीवन के महत्व को समझना चाहिए। जीवन की सुरक्षा के लिए सड़क का प्रयोग करने वाले सभी व्यक्तियों को यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों का पालन नहीं करने से घटित होता है। इन हादसों में सबसे अधिक युवा वर्ग प्रभावित होता है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, नगर निगम, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से यातायात इंजीनियरिंग, एजुकेशन, एनफोर्समेंट, इमरजेंसी में सुधार कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर प्रदेश के मध्य में स्थित है। राजधानी रायपुर की सीमाएं दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार एवं बेमेतरा जिले को छूती है। राजधानी रायपुर के मध्य से राष्ट्रीय राज मार्ग 53 एवं 30 गुजरती है। छत्तीसगढ़ का एकमात्र राष्ट्रीय विमानतल रायपुर जिला में स्थित है। राजधानी होने से अन्य राज्यों व केन्द्र से विशिष्ट व्यक्तियों का आवागमन लगातार बना रहता है। रायपुर जिले की जनसंख्या लगभग 22 लाख है तथा पंजीकृत वाहनों की संख्या लगभग 16 लाख है। राजधानी बनने के बाद तेज गति से हो रहे औद्योगीकरण एवं नगरों के विस्तार, शिक्षा के क्षेत्र में विकास के साथ साथ रायपुर शहर में यातायात का दबाव काफी बढ़ा है। सरल, सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए सड़कों का चौड़ीकरण होना आवश्यक है वहीं यातायात शिक्षा आज के परिप्रेक्ष्य में अत्यंत आवश्यक है। रायपुर पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आम नागरिकों को यातायात के प्रति जागरूक करने एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने लगातार प्रयत्नशील है। राजधानी रायपुर को स्मार्ट सिटी, स्मार्ट ट्राफिक बनाने की दिशा में अग्रसर है। शहर में आईटीएमएस प्रणाली के तहत विभिन्न चौक चौराहों में स्मार्ट सिगनल के साथ-साथ हाइटेक कैमरे लगाये गये है जिसके संचालन से यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ साथ यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है।