Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

छत्तीसगढ़ के किसानों का सिंधु बार्डर पर प्रदर्शन जारी, आज 5 किसान करेंगे भूख हड़ताल

कृषि कानूनों के विरोध में देशभर के किसानों के साथ छत्तीसगढ़ के किसान भी डटे हुए हैं। छत्तीसगढ़ के किसानों ने सिंधु बार्डर पर रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। आंदोलन के 57वें दिन गुरुवार को छत्तीसगढ़ के 5 किसान भूख हड़ताल करेंगे। भूख हड़ताल करने वालों में तेजराम विद्रोही, सौरा यादव, मदन लाल साहू, राधेश्याम शर्मा, वेणुगोपाल शामिल है।  कृषि कानून को रद्द करने व न्यूनतम समर्थन मूल्य गारण्टी कानून लागू करने की मांग मनवाने दिल्ली के विभिन्न सीमाओं में प्रदर्शन जारी है। किसान आंदोलन के समर्थन में छत्तीसगढ़ से गए किसानों ने सिंधु बार्डर में रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। रैली की अगुवानी अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के सचिव व छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के संचालक मंडल सदस्य तेजराम विद्रोही, अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष मदन लाल साहू, आदिवासी भारत महासभा के संयोजक सौरा यादव, क्रांतिकारी सांस्कृतिक मंच के संयोजक तुहीन देब, क्रांतिकारी विद्यार्थी संगठन के संयोजक टिकेश कुमार, प्रमोद कुमार,  क्रांतिकारी नौजवान भारत सभा के वेणुगोपाल, क्रांतिकारी महिला संगठन के उपाध्यक्ष उर्मिला, सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शर्मा ने की। आदिवासी भारत महासभा के संयोजक सौरा यादव ने कहा कि देश के अन्नदाताओं के सँघर्ष को दो माह पूरे होने जा रहा है। अब तक 131 किसान शहीद हो चुके हैं, किसानों का मांग बहुत ही स्पष्ट है। तीन कृषि कानून की वापसी और एमएसपी पर कानून बनाना है।