Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कांकेर जिले में सत्तर हजार किसानों ने बेचा 27 लाख क्विंटल धान, 14 फीसद अब भी शेष

कांकेर जिले में अब तक 70 हजार से अधिक किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच चुके हैं। किसानों से अब तक 27 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए अब चार दिन ही शेष बचे हैं। वहीं जिले में अब भी 11 हजार से अधिक पंजीकृत किसानों से धान खरीदना बाकी है। कई खरीद केंद्रों में परिवहन के अभाव में धान जाम है। कहीं उठाव की रफ्तार धीमी को लेकर समितियों की परेशानी बढ़ गई है।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए राज्य शासन द्वारा 31 जनवरी अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। जिले में 81,806 पंजीकृत कृषक हैं, जिनमें से अब तक 70,216 किसानों से समर्थन मूल्य पर 27,34,593 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। 66,060 किसान ऐसे हैं, जिन्होंने एक बार ही धान बेचा है और 4,156 कृषक ऐसे हैं, जो एक से अधिक बार खरीदी केंद्र में अपना धान लेकर पहुंचे हैं।