Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

5 राज्यों में विस चुनाव के लिए भाजपा ने नियुक्त किए प्रभारी,तोमर को असम और प्रल्हाद जोशी को केरल का प्रभार

साल 2021 में पांच राज्यों में चुनाव हो रहा है। इसमें वेस्ट बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी प्रमुख हैं। भाजपा नेतृत्व ने कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को असम चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया। पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह को अतिरिक्त प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम के अलावा तमिलनाडु और केरल तथा केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए भी चुनावी प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति को हरी झंडी दी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी.किशन रेड्डी को तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी केरल के प्रभारी होंगे जबकि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री अश्वथ नारायण उनके साथ यहां के सह-प्रभारी होंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को पुडुचेरी का चुनाव प्रभार सौंपा गया है। उनके साथ राज्यसभा सांसद राजीव चंद्रशेखर सहप्रभारी होंगे। इन चारों राज्यों में पश्चिम बंगाल के साथ ही अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले महीने भर चलने वाली पार्टी की रथयात्रा का शनिवार को शुभारंभ करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। भाजपा ने चुनाव में अपने पक्ष में समर्थन तैयार करने के लिए फरवरी और मार्च में रथयात्राएं निकालने का निर्णय लिया है। यह यात्राएं पांच खंडों में होंगी और राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी। पार्टी के कई शीर्ष नेता इस रथयात्रा के दौरान राज्य में पहुंचेंगे। ये रथयात्राएं शनिवार, सोमवार और अगले मंगलवार को नबाद्वीप, कूचबिहार, काकद्वीप, झारग्राम और तारापीठ से रवाना होंगी। भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘ जेपी नड्डा छह फरवरी को इस यात्रा का उद्घाटन करने के लिए नबाद्वीप में होंगे।
अमित शाह के भी बाद में रथयात्रा कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है।’’ उन्होंने कहा, अमित शाह के कार्यक्रमों की पुष्टि अभी होना बाकी है।’’ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने विश्वास प्रकट किया कि रथयात्रा अप्रैल मई में होने वाले चुनाव से पहले पार्टी के लिए पासा पलटने वाली होगी।