Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

दुर्ग के राइस मिलर अब उठा रहे बेमेतरा और कवर्धा जिले का धान

दुर्ग जिले के राइस मिलरों ने बेमेतरा और कवर्धा जिले से धान का उठाव किया है। धान प्लास्टिक बोरी में खरीदे गए हैं। शासन के निर्देशानुसार प्लास्टिक बोरी में खरीदे गए धान की पहले कस्टम मिलिंग की जानी है। दुर्ग जिले के राइस मिलर उक्त धान की मिलिंग करेंगे।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी समाप्त होने के बाद खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग को लेकर शासन प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। दुर्ग जिले में ही करीब 41 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इसमेंं से लगभग 17 लाख क्विंटल धान अभी भी खरीद केंद्रों में रखा हुआ है। राज्य सरकार द्वारा प्लास्टिक बोरी में खरीदे गए धान की पहले मिलिंग कराए जाने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, दुर्ग जिले के राइस मिलरों को दुर्ग के अलावा कवर्धा और बेमेतरा जिले में प्लास्टिक बोरी में खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग करने निर्देशित किया गया है। इस कारण जिले के राइस मिलरों को दुर्ग के अलावा उक्त जिले का धान भी उठाना पड़ रहा है। खाद्य नियंत्रक सीपी दीपांकर ने बताया कि जिले के राइस मिलरों ने बेमेतरा जिले से 96 हजार 771 क्विंटल और कवर्धा जिले से 30 हजार 830 क्विंटल धान का उठाव किया है।