Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 27 लाख लोगों ने दिया 33 करोड़ दान

अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ के लोग दिल खोलकर आगे आ रहे हैं। अब तक करीब 27 लाख परिवारों ने 33 करोड़ से ज्यादा का दान दिया है। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए दान संग्रह अभियान में जुटी संस्थाओं ने 30 अतिरिक्त बुक की मांग की है। इसमें 100 रुपये से एक हजार रुपये की रसीद मंगाई गई है।

भगवान श्रीराम के नलिहाल छत्तीसगढ़ में 50 लाख परिवारों तक पहुंचकर 51 करोड़ की राशि एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। निधि समर्पण समिति के अध्यक्ष बृजलाल गोयल ने 51 लाख की अब तक की सबसे बड़ी राशि दान की है। इसके साथ ही दानदाता 21 लाख से लेकर 100 रुपये तक दान कर रहे हैं।

निधि समर्पण समिति के कोषाध्यक्ष धवल शाह ने बताया कि प्रदेश के बस्तर से लेकर सरगुजा तक हर घर में पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है। 15 जनवरी से शुरू हुए अभियान में स्वेच्छा से लोग दान कर रहे हैं। हजारों लोगों ने न सिर्फ रसीद के माध्यम से दान किया, बल्कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के खाते में आनलाइन ट्रांसफर भी किया है।