Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

बाल विहार, लक्ष्मी टॉकीज और पुलपातरा में बनेगा शॉपिंग कॉम्पलेक्स

Default Featured Image


बाल विहार, लक्ष्मी टॉकीज और पुलपातरा में बनेगा शॉपिंग कॉम्पलेक्स


नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने किया भूमि-पूजन 


भोपाल : मंगलवार, फरवरी 9, 2021, 17:57 IST

बाल विहार ग्राउण्ड, लक्ष्मी टॉकीज और पुलपातरा (बरखेड़ी) में 18 करोड़ 88 लाख की लागत से शॉपिंग कॉम्पलेक्‍स बनाया जायेगा। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने मंगलवार को इन कार्यों का भूमि-पूजन किया।नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इन कॉम्पलेक्स में पुराने दुकानदारों को लागत मूल्य पर ही दुकानें उपलब्ध करवाई जायेंगी। शेष दुकानों की नीलामी की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी भोपाल का समन्वित विकास हमारी प्राथमिकता है। श्री सिंह ने कहा कि विकास के साथ ही लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य है। भोपाल को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल किया गया है। भोपाल की स्मार्ट सिटी देश में नम्बर-1 है। श्री सिंह ने बताया कि कचरे के निष्पादन के लिये लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि आने वाले समय में स्वच्छ भारत अभियान में भोपाल नम्बर एक हो सकता है।कमिश्नर नगर निगम ने बताया कि बाल विहार ग्राउण्ड में निगम की जर्जर 63 दुकानों को तोड़ कर 9 करोड़ 88 लाख की लागत से 21 हजार वर्ग फीट में शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाया जायेगा। निगम द्वारा 218 दुकानें बनाई जायेंगी। लक्ष्मी टॉकीज के पुराने भवन को तोड़ कर 14 हजार 900 वर्ग फीट में 6 करोड़ एक लाख की लागत से 73 दुकानें बनाई जायेंगी। पुलपातरा में निगम के जर्जर भवन को तोड़ कर 2 करोड़ 9 लाख की लागत से 54 दुकानें बनाई जायेंगी।पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय का लोकार्पणनगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने शिवाजी नगर में 5 नम्बर बस स्टॉप के पास पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय का लोकार्पण किया। उन्होंने भवन का अवलोकन भी किया। दो मंजिला पुस्तकालय में 150 पाठक एक साथ बैठकर अध्ययन कर सकते हैं। पुस्तकालय में प्रतियोगिता से संबंधित पुस्तकों के साथ ही सांस्कृतिक और साहित्यिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी। लगभग 5 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं। पुस्तकालय में 8 कम्प्यूटर सिस्टम स्थापित कर इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। पूरे परिसर में सी.सी. टी.व्ही. कैमरे भी लगवाये गये हैं। इस दौरान पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, विधायक श्री पी.सी. शर्मा और कमिश्नर भोपाल संभाग श्री कवीन्द्र कियावत एवं नागरिक उपस्थित थे।


राजेश पाण्डेय