युवराज सिंह ने कहा है कि महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर लग रहे कयास बंद होना चाहिए। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले युवी ने कहा- धोनी को अपने भविष्य का निर्णय स्वयं करने दें। उन्होंने भारतीय क्रिकेट की बहुत सेवा की है। युवा विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के हालिया औसत प्रदर्शन पर उनकी काफी आलोचना हो रही है। युवराज ने पंत पर कहा- वो बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। कप्तान और हेड कोच को उनका मार्गदर्शन करना चाहिए।
धोनी पर बयानबाजी गलत
एक कार्यक्रम से इतर युवी ने मीडिया से बातचीत की। धोनी के संन्यास की अटकलें जारी हैं। इस बारे में युवी ने कहा, “इस तरह के कयास या अटकलबाजी धोनी के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट को अहम योगदान दिया है। वो हमारे सबसे सफल कप्तान हैं। उन्हें वक्त दिया जाना चाहिए ताकि वो खुद इस पर फैसला ले सकें। अगर वो खेलना चाहते हैं तो इसका भी सम्मान किया जाना चाहिए।” 37 साल के इस लेफ्ट हैंडर ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया है। पंत और धोनी की तुलना पर युवी ने कहा, “धोनी और पंत की तुलना संभव नहीं है। धोनी कई साल की मेहनत के बाद इस मुकाम पर पहुंचे। पंत को भी कई साल लगेंगे।”
पंत की मानसिकता समझें
ऋषभ पंत का हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। विकेट कीपिंग के साथ ही उनकी बैटिंग को लेकर भी प्रश्न चिन्ह लगे। नए बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने भी उन्हें जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की नसीहत दी। युवराज ने पंत पर कहा, “मैं वास्तव में नहीं जानता कि उसके साथ क्या हो रहा है। उसकी काफी आलोचना हो रही है, लेकिन मैं इसे सही नहीं मानता। रवि शास्त्री और विराट कोहली को उसका मार्गदर्शन करना चाहिए। उसने दो टेस्ट शतक लगाए हैं। वो बहुत प्रतिभाशाली है। मुझे लगता है कि किसी को उसके साथ लगातार काम करना चाहिए। उसे ये बताया जाना चाहिए कि वो सही मायनों में कहां फोकस करे। इसका एक तरीका ये है कि उसे घरेलू क्रिकेट खेलने और आत्मविश्वास पाने को कहा जाए।”
More Stories
आईपीएल 2024: वानखेड़े में कोलकाता ने 12 साल बाद मुंबई को चटाई धूल, स्टार्क ने झटके 4 विकेट, एमआई प्लेऑफ से बाहर
ICC T20 विश्व कप 2024: पाकिस्तान के मैचों का पूरा शेड्यूल, समय, स्थान, तारीखें | क्रिकेट खबर
आईपीएल 2024: चेन्नई पर पंजाब की लगातार पांचवीं जीत, प्लेऑफ़ में अंतिम स्थान