आगरा जनपद के चंबल के बीहड़ में रविवार की दोपहर हरलालपुरा गांव के 45 वर्षीय किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। चीखें सुनकर बीहड़ में मौजूद चरवाहे लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो तेंदुआ भाग गया। घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी है।
हरलालपुरा गांव निवासी हरि बिहारी ने बताया कि वह फसलों की सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने के लिए झांकर (झाड़ियां) लेने के लिए बीहड़ में गए थे। तभी तेंदुए ने हमला किया। बचाव के लिए वह तेंदुए से भिड़ गए। शोर भी मचाया, जिससे बीहड़ में मौजूद चरवाहे मौके पर आ गए।
हमले में किसान का हाथ जख्मी
तेंदुए के हमले में किसान का एक हाथ जख्मी हो गया है। बाह के रेंजर आरके सिंह राठौड़ ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। किसान को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। वन विभाग की टीम वन्य जीव की तलाश कर रही है।
सुबह किया था बछडे़ का शिकार, दो शावक भी हैं
ग्रामीणों के मुताबिक हरलालपुरा के समीप बीहड़ में तेंदुए ने रविवार की सुबह बछडे़ का शिकार भी किया था। तब चरवाहे वहां से भाग आए थे। लोगों ने बताया कि तेंदुए के साथ दो शावक भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव के समीप पहली बार तेंदुआ दिखा है।
More Stories
बीजेपी के नॉमिनल चौपाल में मचा बवाल, प्रधान के बेटे ने किया हथियार से हमला, 4 लोग घायल
यूपी में पत्रकार की हत्या का आरोप
प्रियंका गांधी ने मॉनसून की राक्षसी सभा में कहा- देश में चरम सीमा पर हैं और महिलाएं परेशान हैं…