Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

स्वतंत्र देव सिंह ने यूपी बीजेपी अध्‍यक्ष के बाद अब नेता विधान परिषद पद से भी दिया इस्तीफा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। मिल रही जानकारी के अनुसार, योगी सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। स्वतंत्र देव सिंह ने नेता विधान परिषद पद से इस्तीफा दिया है। हाल ही में कैबिनेट मंत्री और एमएलसी स्वतंत्र देव सिंह को विधान परिषद का नेता सदन मनोनीत किया गया था। वहीं, स्वतंत्र देव सिंह के इस्तीफा देने से सियासी गलियारों में तमाम तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं, जानकारी आ रही है कि केशव प्रसाद मौर्य को विधान परिषद में “नेता सदन” बनाया गया है।

मिर्जापुर जनपद में जन्मे स्वतंत्र देव सिंह ने बुन्देलखंड के जालौन को कर्मभूमि बनाया था। यहीं से राजनीति की शुरुआत करते हुए आज के समय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री तक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, उन्हें विधान परिषद का नेता सदन मनोनीत कर बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। मिल रही जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्र देव सिंह ने नेता विधान परिषद पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्मे स्वतंत्रदेव अपने परिवार में पहले व्यक्ति हैं, जो आरएसएस से जुड़कर वर्तमान में बीजेपी जैसी राजनीतिक पार्टी के माध्यम से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

देश के सबसे बड़े सूबे में दोबारा योगी सरकार बनने के बाद बीजेपी यूपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को पार्टी आलाकमान ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। स्वतंत्र देव सिंह को योगी सरकार 2.0 में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी बाद में विभाग बंटवारे में उन्हें जलशक्ति विभाग जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, योगी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें परिवहन विभाग के मंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला था, फिर बाद में उन्हें यूपी बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया था। हालांकि, उनका अब प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल भी पूरा हो चुका है।
इनपुट- अभय सिंह