Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

दलित किशोरी को घर से उठा ले गए बदमाश, खेत में किया गैंगरेप, कुछ दिन पहले दुष्कर्म के बाद युवती को जलाया था जिंदा

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में किशोरियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पीलीभीत में एक बार फिर दलित किशोरी को दो आरोपियों ने हैवानियत का शिकार बनाया। किशोरी के पिता की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव के रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनकी 16 वर्षीय किशोरी घर पर थी। इस दौरान गांव के रहने वाले भगवतशरण और अर्जुन नाम के दो आरोपी घर में घुस आए और उसकी किशोरी को उठाकर पास में ही स्थित खेत पर ले गए।

आरोपियों ने खेत में बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। काफी देर तक जब किशोरी घर पर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान किशोरी पास के ही खेत में बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। जब परिजनों ने उससे पूछताछ की तो किशोरी ने पूरी बात परिजनों को बताई। इसके बाद थाने पहुंचे परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष प्रभाष चंद्र का कहना है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

जिंदा जलाई गई किशोरी की हालत गंभीर, रेफर
जिले में 24 घंटे पहले एक घटना सामने आई थी, जिसमें 7 सितंबर को एक किशोरी को दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने जान से मारने की नियत से जिंदा जला दिया था। 10 सितंबर को जब किशोरी को होश आया तो उसने अपने पिता को पूरे मामले की जानकारी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी बीच रविवार को किशोरी की हालत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
रिपोर्ट – कुमार सौरभ