Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Banda : कुत्ते नोंच रहे थे ढाई साल के मासूम की लाश… 5 दिन पहले किया गया था किडनैप, पुलिस अब भी खाली हाथ

बांदा: यूपी के जनपद बांदा में तिंदवारी थाना क्षेत्र के कस्बे से रविवार को खेलते खेलते ढाई वर्षीय बालक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। इस मामले में पिता ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसकी पुलिस द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी। लाश मिलने के बाद मृतक की मां का रो रो कर बुरा बुरा हाल है। मृतक घर का इकलौता बेटा था।

तिंदवारी कस्बे के भगवती नगर निवासी संतोष कुमार का ढाई वर्षीय इकलौता पुत्र आयांश रविवार को दोपहर लगभग 2.30 बजे घर के पास से खेलते खेलते अचानक लापता हो गया था। इस पर पिता संतोष ने सभी रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कहीं पता नहीं चला। तब पिता ने घटना की सूचना पुलिस को दी और बच्चे के अपहरण की आशंका जाहिर की। इस पर पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चे की फोटो लेकर सभी चौकियों में पता लगाया, लेकिन बच्चे का कहीं पता नहीं चला।

इधर आज समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गया था। तभी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य घटनास्थल के पास गए। जहां तालाब के किनारे बच्चे के शव को कुछ कुत्ते नोंच कर खा रहे थे। इस बारे में समाजवादी पार्टी के बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व सांसद विशंभर निषाद की नजर बच्चे की लाश पर पड़ी। इस पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने शव को बरामद किया।

वहीं इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि ढाई वर्षीय बालक रविवार को दोपहर में गायब हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने कई टीमों का गठन कर बच्चे की खोजबीन शुरू की थी। घटना वाले दिन पूरी रात पुलिस ने संभावित ठिकानों पर बच्चे की तलाश की थी। लेकिन बच्चे का कहीं सुराग नहीं लगा था। इसके बाद भी पुलिस लगातार बच्चे की खोजबीन में जुटी थी। आज बच्चे की लाश बरामद हुई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी।
इनपुट-अनिल सिंह